मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने कहा कि मैं अपनी बहन सुषमा स्वराज के निधन पर तीन दिन का शोक मनाऊंगी. उमा ने कहा कि सुषमा स्वराज मेरी मां जैसी थी. तबीयत खराब होने के कारण वे उनके अंतिम संस्कार में नहीं जा सकी थी.
उमा भारती ने यह बात आज राजधानी में भाजपा के प्रदेश कार्यालय में सुषमा स्वराज के निधन पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में कही. उमा भारती ने भाजपा कार्यालय पहुंचकर पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को श्रद्धांजलि दी. इस दौरान उन्होंने कहा कि मैं अपनी बहन सुषमा स्वराज के निधन पर तीन दिन तक शोक मनाऊंगी. उन्होंने कहा कि सुषमा स्वराज के निधन की खबर सुनकर में अस्वस्थ हुई और यही वजह है कि उनके अंतिम संस्कार में नहीं जा पाई. उमा भारती ने कहा कि वो एक आदर्श गृहणी के साथ सफल राजनेता थीं. उन्होंने इस धारणा को गलत साबित कर दिया कि एक अच्छी गृहणी अच्छी राजनेता नहीं हो सकती हैं. इस दौरान उमा भारती बोलते हुए भावुक होकर कहा कि वो मेरे से 9 साल बड़ी थीं, लेकिन मेरी मां जैसी थीं. साथ ही कहा कि मैंने उनसे संयम धैर्य सीखा है. उन्होंने कहा कि सुषमा स्वराज ने भारतीय राजनीति में दुनिया भर में आदर्श स्थापित किया है. धारा 370 के बारे में उन्होंने जो ट्वीट किया उसमें उनकी देशभक्ति की पराकाष्ठा प्रदर्शित होती है.
14 साल बाद भाजपा कार्यालय पहुंची उमा
मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद यानी करीब 14 साल बाद आज भाजपा कार्यालय पहुंची थी. उनके भाजपा कार्यालय पहुंचने के बाद राजनीतिक हलचल भी तेज हुई है. पिछले कुछ दिनों से उमा भारती की मध्यप्रदेश में सक्रियता इस राजनीतिक हलचल का कारण है. हालांकि उमा भारती खुद खुलकर तो सामने नहीं आ रही हैं, लेकिन वे अपने समर्थक नेताओं के सहारे राजनीति करती नजर आ रही हैं.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें