राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार, तीन दिन का राजकीय शोकमध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता बाबूलाल गौर का आज सुबह निधन हो गया. वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे. आज दोपहर को गौर का राजकीय सम्मान के साथ सुभाष नगर स्थित श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया. गौर का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया. उनके पोते आकाश गौर ने मुखाग्नि दी.
पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर ने आज सुबह भोपाल के नर्मदा हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली. गौर को सांस लेने में तकलीफ हो रही थी. इसके अलावा उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था. निधन के बाद पहले बाबूलाल की पार्थिव देह उनके आवास ले जाई गई, जहां मुख्यमंत्री कमलनाथ सहित दिग्गज नेता गौर को श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंचे. दोपहर 12 बजे बाबूलाल गौर के पार्थिव देह को भाजपा कार्यालय में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया. पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस दौरान उन्हें कंधा दिया. भाजपा कार्यालय से गौर की अंतिम यात्रा निकाली गई. गौर का सुभाष नगर विश्राम घाट पर बारिश के बीच अंतिम संस्कार किया गया. उनके पोते आकाश गौर ने उन्हें मुखाग्नि दी.
राज्यपाल लालजी टंडन ने विश्राम घाट पहुंचकर स्वर्गीय गौर को श्रद्धांजलि अर्पित की. इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राकेश सिंह, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, पार्टी के प्रदेश प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव, पार्टी उपाध्यक्ष प्रभात झा, पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा और उमाशंकर गुप्ता समेत पार्टी के बहुत से आला नेता वहां मौजूद रहे.
मोदी सहित राजनेताओं ने दी श्रद्धांजलि
पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर के निधन की खबर के बाद भाजपा सहित सभी राजनीतिक दलों में शोक की लहर छाई रही. गौर के निधन के समाचार सुनते ही मुख्यमंत्री कमलनाथ सहित मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता गौर के निवास पर पहुंचे और श्रद्धांजलि दी. गौर के निधन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के अलावा कई केन्द्रीय मंत्रियों और भाजपा एवं कांग्रेस के नेताओं ने अपनी ओर से श्रद्धांजलि दी.
तीन दिन का राजकीय शोक
पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर के निधन पर मध्यप्रदेश में आधे दिन का अवकाश घोषित कर दिया गया है. प्रदेश में भोजन अवकाश के बाद किसी भी सरकारी कार्यालय में कामकाज नहीं हुआ. राज्य शासन ने सभी जिलों के कलेक्टरों और संभागीय कमिश्नरों को आदेश जारी कर दिए हैं. मध्यप्रदेश के सामान्य प्रशासन मंत्री डॉक्टर गोविंद सिंह ने बताया कि बाबूलाल गौर के निधन पर सरकार ने मध्यप्रदेश में 3 दिन का राजकीय शोक घोषित कर दिया है. अगले 3 दिनों तक मध्यप्रदेश में कोई भी सांस्कृतिक या उत्साह मनाने वाले कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे. वहीं बुधवार को भोजन अवकाश के बाद सभी कार्यालय बंद रहे.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें