सदस्यता अभियान में लक्ष्य से आगे निकल चुके हैं हमसदस्यता अभियान के दौरान नई सदस्यता का लक्ष्य हासिल करना हमारी चिंता नहीं है. हम प्रदेश के अधिकतर संभागों में लक्ष्य से आगे निकल चुके हैं. हमारे लिए असली चुनौती तो यह है कि जो बहुत सारे लोग अभी भी भारतीय जनता पार्टी से जुड़ना चाहते हैं, उनके पास तक हम कैसे पहुंचें.
यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद राकेश सिंह ने प्रदेश कार्यालय में आयोजित भोपाल एवं होशंगाबाद संभागों की समीक्षा बैठक के अवसर पर मीडिया से चर्चा करते हुए कही. सिंह ने कहा कि पूरे देश में भाजपा का सदस्यता अभियान उत्साहपूर्वक चल रहा है. मध्यप्रदेश में भी बड़ी संख्या में लोग भारतीय जनता पार्टी के सदस्य बन रहे हैं. अलग-अलग संभागों की समीक्षा बैठकें हो रही हैं. उन्होंने कहा कि हाल ही में हुई बारिश ने देश और प्रदेश के कई हिस्सों में जनजीवन को बाधित किया है. बारिश और बाढ़ की मुश्किलों को देखते हुए ही सदस्यता अभियान की तारीख 20 अगस्त तक बढ़ाई गई है. सिंह ने कहा कि हर बार सदस्यता अभियान के बाद पार्टी के संगठनात्मक चुनाव होते हैं. इस बार भी होंगे और मध्यप्रदेश के लिए निर्वाचन अधिकारी एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी की नियुक्तियां कर दी गई हैं.
सिंह ने कहा कि देश में आपातकाल लगाया जाए, लोकतंत्र की हत्या की जाए, इससे कांग्रेस को परेशानी नहीं होती. कश्मीर में 370 चलती रहे, वहां लोकतंत्र का गला घोंटा जाता रहे, इससे कांग्रेस को परेशानी नहीं, लेकिन उन लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान करने में कांग्रेस को दिक्कत है, जिन्होंने लोकतंत्र को बचाने के लिए 19 महीने जेल में काटे. इनमें से कई की तो मृत्यु भी हो गई. सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी 15 अगस्त को इन लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान करती रही है और यह परम्परा रही है. लेकिन कांग्रेस सरकार को उन लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान में भी दिक्कत है, जो काफी बुजुर्ग हो चुके हैं.
संगठन के कार्य में जुटें तन्मयता से
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि हमारे विचार का विस्तार हो, इसके लिए ही यह सदस्यता अभियान है। उन्होंने कहा कि हम सौभाग्यशाली हैं कि हमारे पास दुनिया का सबसे शक्तिशाली और सक्षम नेतृत्व है. सदस्यता अभियान के लिए हमारे पास अनुकूल माहौल है. हम इस अनुकूलता का लाभ लेकर सदस्य बनाएं, क्योंकि इन सदस्यों में से ही श्रेष्ठ कार्यकर्ताओं का निर्माण होगा. उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य सिर्फ लक्ष्य प्राप्ति नहीं है, बल्कि लक्ष्य से बढ़कर परिणाम लाना है. उन्होंने सदस्यता अभियान में विस्तारक के रूप में प्रवास पर निकलने की बात पर जोर देते हुए कहा कि आप लोग क्षेत्र में पार्टी का चेहरा हैं. आप निकलेंगे तो कार्यकर्ता उसका अनुसरण करेंगे.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें