रविवार, 18 अगस्त 2019

युवा संकल्प वर्ष के रुप में मनाएंगे जयंती

पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती पर होंगे कई  कार्यक्रम
मध्यप्रदेश सरकार पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी के 75 वीं जयंती राज्य में युवा संकल्प वर्ष के रुप में मनाई जाएगी. 20 अगस्त से इस वार्षिक उत्सव का आगाज होगा.
 युवा संकल्प वर्ष के अंतर्गत राज्य स्तरीय सद्भावना दिवस एवं सद्भावना मार्च का आयोजन 20 अगस्त को राज्य स्तरीय कार्यक्रम राजधानी भोपाल में रवीन्द्र भवन में किया गया है. इस आयोजन का शुभारंभ मुख्यमंत्री कमलनाथ करेंगे. इस दिन राज्य के सभी जिलों में मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया है.  इस आयोजन में प्रदेश के 150 से अधिक विद्यार्थी शामिल होंगे. इसके साथ ही राज्य स्तरीय आयोजन के उद्घाटन के अवसर पर भोपाल संभाग के सभी महाविद्यालयों से विद्यार्थी तथा प्राध्यापक आमंत्रित किए गए हैं.राज्य में यह कार्यक्रम उच्च शिक्षा विभाग और खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित किया जाएगा. इस संबंध में सभी विश्वविद्यालयों के कुल सचिवों और सभी शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों के प्राचार्यों को निर्देश जारी कर दिये गये हैं.
युवा संकल्प वर्ष के अंतर्गत तीन राज्य स्तरीय आयोजनों, प्रतियोगिताओं की रुपरेखा निर्धारित की गई है, इसमें महाविद्यालय स्तर से लेकर राज्य स्तर तक आयोजन किए जाएंगे. समस्त आयोजनों में राजीव गांधी के जीवन वृत्त तथा उनके राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय अवदान पर स्थानीय विशेषज्ञों को आमंत्रित कर उनके संस्मरणों एवं विचारों से छात्र-छात्राओं को लाभांवित और उत्प्रेरित किया जाएगा.
खेल एवं उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी किए निर्देशों में बताया गया है कि युवा संकल्प वर्ष का शुभारंभ सद्भावना दिवस 20 अगस्त 2019 से आरंभ होकर 21 मई 2020 तक संचालित रहेगा. इस समारोह में सदभावना दौड़ के अलावा सांस्कृति कार्यक्रम और सद्भावना गीत भी होंगे. इसके अलावा 24 सितंबर को विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में भाषण प्रतियोगिताएं, 1 अक्तूबर को पोस्टर प्रतियोगिता, 11 नवबंर को परिचर्चा का आयोजन, 10 दिनसंबर को प्रश्न मंच प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है. इसके बाद 15 जनवरी 2020 को निबंध प्रतियोगिता, 28 फरवरी 2020 को काव्य प्रतियोगिता, 27 मार्च 2020 को लोकनृत्य प्रतियोगिता, 7 अपै्रल 2020 को समूह गान प्रतियोगिता और 21 मई 2020 को राज्य स्तरीय श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें