शुक्रवार, 9 अगस्त 2019

मिलावट पर सख्त हुए मुख्यमंत्री, कहा मिलावटखोरों प्रदेश छोड़ो


मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने प्रदेश में बढ़ रहे मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने मिलावटखोरों के खिलाफ प्रदेश छोड़ो अभियान चलाने की बात कही है. 
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने अलग-अलग ट्वीट कर कहा है कि आज वक्त आ गया है कि हम सब मिलकर मिलावट मुक्त प्रदेश का संकल्प लेते हुए नारा दे, बहुत हो गया. अब मिलावटखोरों प्रदेश छोड़ो बता दें कि प्रदेश में इन दिनों लगातार मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई जारी है. आज देखने में आ रहा है कि थोड़े से स्वार्थ व मुनाफे के लिए किस प्रकार मिलावटखोर लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रहे है,जहर बेचकर उन्हें मौत के आगोश में धकेल रहे है. इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के दिन 9 अगस्त 1942 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की अगुवाई में भारत की आजादी के लिए, ब्रिटिश शासन की समाप्ति के लिए भारत छोड़ों आंदोलन पूरे देश में प्रारंभ किया गया था. आजादी प्राप्त करने में इस जन आंदोलन ने अहम भूमिका निभाई थी, इस यादगार दिन को भुलाया नहीं जा सकता है.
उल्लेखनीय है कि इससे पहले कमलनाथ ने ट्वीट कर लिखा था कि दूध व दूध उत्पादक पदार्थो से शुरू हुआ मिलावट के खिलाफ हमारा अभियान सतत जारी है. प्रदेश को मिलावट मुक्त बनाने तक यह अभियान जारी रहेगा. प्रदेश में मिलावट के प्रतिदिन के खुलासे से मिलावट की भयावह तस्वीर सामने आती जा रही है. उन्होंने लिखा था कि किस प्रकार थोड़े से स्वार्थ व मुनाफे की खातिर लोगों के स्वास्थ्य के साथ जमकर खिलवाड़ किया जा रहा है. खाद्य पदार्थों में मिलावट को रोकने के लिए हम निरंतर कड़े कदम उठा रहे है.  मिलावट एक नासूर है , इसे हम हर हाल में नेस्तनाबूद करके रहेंगे. 
कांगे्रस उपभोक्ता संरक्षण प्रकोष्ठ चलाएगा अभियान
प्रदेश कांगे्रस मुख्यालय में उपभोक्ता संरक्षण प्रकोष्ठ का राज्य स्तरीय पदाधिकारी सम्मेलन मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान चलाने का फैसला लिया है. सम्मेलन में प्रकोष्ठ के अध्यक्ष शुक्ला ने कहा कि ऐसे समय में जब प्रदेश सरकार मिलावटखोरी के विरुद्ध अभियान चला रही है, तब उपभोक्ता प्रकोष्ठ के हर कार्यकर्ता का ये दायित्व बनता है कि वह भी गांव-गांव और शहर-शहर में उपभोक्ताओं को जागरूक करे तथा रैलियां, नारे, दीवार लेखन, जनसंपर्क आदि के माध्यम से मिलावटखोरी के विरूद्ध अभियान चलाएं. जनसंपर्क मंत्री पी.सी. शर्मा ने कहा कि मिलावटखोरी के विरूद्व सरकार का ये कदम अत्यंत आवश्यक था, क्योकि आज जितनी भी बीमारियां फैल रही है, उन सबका मुख्य कारण है कि खाद्य-पदार्थों में घोर मिलावट व नकली दवाओं का सेवन. हम सब मिलकर प्रदेश को स्वस्थ्य बनाने में योगदान देकर प्रदेश को खुशहाल बनाने में सहभागी बनें. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें