सोमवार, 12 अगस्त 2019

शिवराज ने कहा मैं अपने बयान पर हूं कायम, तथ्यों के साथ की बात

 कश्मीर मामले में पंडित नेहरु से हुआ है विवाद

पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरु को लेकर दिए विवादित बयान पर बवाल मचने के  बाद आज पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि वे अपने बयान पर कायम है. उन्होंने कहा कि मैंने जो कहा वह तथ्यों के आधार पर कहा है. कश्मीर के मामले में पंडित नेहरु से अपराध हुआ है.
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि मैंने उड़ीसा में जो कहा था पूरी जिम्मेदारी के साथ कहा था. नेहरू  द्वारा जो भूल की गई थी उसे मोदी और अमित शाह ने सुधारा है. वहीं मोदी-शाह की तारीफ करते हुए कहा कि मैं प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को अपना नेता मानता था लेकिन उनके इस फैसले के बाद अब मैं उनकी पूजा करता हूं. शिवराज ने कहा मैं देश के सभी महापुरुषों का सम्मान करता हूं, लेकिन मेरे लिए राष्ट्र सर्वोपरि है. राष्ट्र के साथ जो अपराध करता है वो सबसे बड़ा अपराध है. मैं तथ्यों के साथ बात करता हूं. अपराध हुआ है नेहरू से. शेख अब्दुल्ला से नेहरू  का इतना प्रेम क्यों था, मैं नहीं जानता. उन्होंने कहा कि शेख अब्दुल्ला के कहने पर विशेष राज्य का दर्जा दिया. तत्कालीन कानून मंत्री भीम राव आंबेडकर ने धारा 370 के साफ मना कर दिया था, लेकिन प्रधानमंत्री नेहरू ने उनकी बात न मानकर अयंगर से धारा 370 का मसौदा तैयार कराया. उन्होंने कहा कि नेहरु ने एक और गलती की है. 1962 की जंग के बाद सदन के अंदर नेहरु  ने बोला था कि लद्दाख में घास का एक तिनका भी नहीं उगता तब उनके ही मंत्री महावीर ने सदन मे नेहरू का विरोध किया था.
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि  कांग्रेस जवाब दे, सोनिया गांधी जवाब दे, राहुल गांधी जवाब दे कि वे धारा 370 पर संसद में क्यों बोले. भारत का आंतरिक मामला था उसे नेहरू ने संयुक्त राष्ट्र का मामला बना दिया. एक तिहाई कश्मीर भारत का अंग नही है तो उसके लिए नेहरू जिम्मेदार थे. हमारे लिए देश जमीन का टुकड़ा नही, भारत जीता जागता राष्ट्र पुरुष है. भारत हमारी माता है. कांग्रेस की संकीर्ण मानसिकता है, जो हिन्दू मुस्लिम करती.
चिदंबर जैसे लोग कांग्रेस को और डूबोएंगे
सोनिया गांधी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर शिवराज ने कहा कि मुझे पी चिंदबरम पर तरस आता है. यह सिर्फ हिन्दू मुस्लिम करते है कांग्रेस की संकीर्ण मानसिकता है जो हिन्दू मुस्लिम में देश बांटती है. कांग्रेस में नई कोपल तब तक नही फूटेगी जब तक लोकतांत्रिक तरीके से नही चुना जाएगा. पी चिदंबरम जैसे कांग्रेस को और डुबाएंगे.
दिग्गी के बयान पर भाजपा  का पलटवार
भाजपा ने दिग्विजयसिंह के इस बयान पर पलटवार किया है. भाजपा के प्रवक्ता रजनीश का बयान सामने आया है. दिग्विजयसिंह का नाम लिए बगैर कहा कि कुछ लोगों के दिल में और दिमाग में अशांति भरी पड़ी है.  ये कौन सी आशंकाओं में देश को ले जाना चाहते हैं . आप भी खुश रहिए, देश को भी खुश रहने दीजिए. पेशेवरी निराशावादी रवैया छोड़ दीजिए. अब जनता इसे पसंद नहीं करती है. उल्लेखनीय है कि ईद के मौके पर मुस्लिमों के बीच पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह ने जम्मू-कश्मीर का मुद्दा उठाया था. दिग्गी ने मुसलमानों से कहा कि  जम्मू-कश्मीर में आज संकट है, दुआ मांगते हैं कि वहां भाईचारा बना रहे. कश्मीर का सच छिपाया जा रहा है. यूट्यूब पर चले जाइए पता चल जाएगा वहां क्या हो रहा है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें