बुधवार, 14 अगस्त 2019

मिलावट मुक्त मध्यप्रदेश बनाया जाएगा: कमल नाथ


मुख्यमंत्री कमल नाथ ने कहा है कि प्रदेश में कौशल विकास कार्यक्रम को नया स्वरूप दिया जा रहा है जिसका आधार संख्या नहीं रोजगार होगा. उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार मिलना सुनिश्चित हो यह हमारी कौशल विकास नीति होगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि हम प्रदेश के नागरिकों और भावी पीढ़ी को स्वस्थ बनाने के लिए मिलावट मुक्त प्रदेश बनाने का अभियान चला रहे है. 
नाथ ने यह भी कहा पिछले 8 माह में निवेशकों का मध्यप्रदेश पर विश्वास लौटा है. इसका लाभ निश्चित ही प्रदेश को मिलेगा. मुख्यमंत्री आज नूर-उस-सबा में मध्यप्रदेश शासन के सहयोग से एक निजी चैनल द्वारा सुशिक्षा पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे. मुख्यमंत्री  ने कहा कि आज से 13 साल पहले मैंने स्किल छिंदवाड़ा पर काम शुरू किया था. इस माडल को मैं पूरे प्रदेश में लागू करने का प्रयास कर रहा हूँ. मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे कौशल विकास की नीति इस प्रकार होगी जिसमें हर युवा को उसकी पात्रता के अनुसार रोजगार मिलेगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी नीति में सातवीं कक्षा पास युवा के लिए भी रोजगार की व्यवस्था होगी और बी.ई. करने वाले युवा के लिए भी रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे. मुख्यमंत्री कमल नाथ ने प्रदेश की शिक्षा के स्तर पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य होगा कि हम अपने प्रदेश के युवाओं को बेहतर शिक्षा दें ताकि उनके बेहतर भविष्य का निर्माण हो सके. उन्होंने कहा कि हम कृषि के क्षेत्र में उन्नति की एक ऐसी क्रांति लाएंगे जिससे हमारा किसान समृद्ध हो सकेगा और उसका जीवन बेहतर होगा. 
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश का हर नागरिक स्वस्थ रहे, बीमारी मुक्त रहे, इसके लिए हम प्रदेश को मिलावट मुक्त प्रदेश बनाएंगे. नाथ ने कहा कि यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि एक्सपाईरी डेट की वस्तुएँ मार्केट में उपलब्ध न रहें. मुख्यमंत्री ने प्रदेश के युवा वर्ग से अपील की है कि भले ही वे शिक्षित हों फिर भी अपने ज्ञान की भूख को हमेशा जागृत रखें. मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा सीमित है लेकिन ज्ञान असीमित है जो जीवन पर्यन्त हमें प्राप्त होता रहता है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें