रविवार, 11 अगस्त 2019

नेहरु को लेकर शिवराज के बयान पर हमलावर हुई कांग्रेस

शिवराज सिंह चौहान 
मंत्री ने कहा मानसिक संतुलन खो चुके हैं शिवराज

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरु को लेकर दिए बयान के बाद कांग्रेस ने शिवराज सिंह पर हमला तेज कर दिया है. राज्य के खाद्य मंत्री प्रद्युमन सिंंह ने शिवराज सिंह के बयान पर पलटवार किया और कहा कि शिवराज अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं. वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मानक अग्रवाल ने पूर्व मुख्यमंत्री को इस बयान के लिए मूर्ख बताया है.
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के बयान को लेकर भूचाल आ गया है. दरअसल शिवराज सिंह चौहान ने उड़ीसा के भूवनेश्वर में मीडिया से चर्चा करते हुए धारा 370 को लेकर पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरु को अपराधी बताया था. उनका कहना था कि पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू 'अपराधी' थे. जब भारतीय फौज कश्मीर से पाकिस्तानी कबिलाईयों को खदेड़ते हुए आगे बढ़ रही थी, ठीक उसी वक्त नेहरू ने संघर्ष विराम की घोषणा कर दी. इस कारण जम्मू-कश्मीर का एक-तिहाई हिस्सा पाकिस्तान के कब्जे में रह गया. अगर कुछ दिन और सीजफायर की घोषणा नहीं होती तो पूरा कश्मीर भारत का हो जाता.
शिवराज सिंह चौहान के इस बयान को लेकर कांग्रेस ने उन पर हमला तेज कर दिया है. राज्य के खाद्य मंत्री प्रद्युमन सिंंह तोमर ने कहा कि शिवराज के इस बयान पर तरस आता है कि नेहरु ने समयकाल परिस्थिति के हिसाब से निर्णय लिया था.  उन्होंने कहा कि अगर आज कोई पिता निर्णय ले और आने वाले समय में उसके पुत्र पिता के निर्णय पर सवाल उठाएं तो ठीक नहीं कहा जा सकता है. उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह चौहान जैसे मंझे हुए नेता से इस तरह के बयान की उम्मीद नहीं थी. तोमर ने कहा कि शिवराज अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं, इसके चलते वे इस तरह के बयान दे रहे हैं.
खाद्य मंत्री के  अलावा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मानक अग्रवाल ने भी शिवराज सिंह चौहान के बयान की आलोचना की है. उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह चौहान से बड़ा मूर्ख कोई नहीं होगा, जो ऐसी बातें बोल रहा है. उन्होंने कहा कि नेहरु का सम्मान देश करता है. बच्चे उन्हें चाचा नेहरु के नाम से जानते हैं. अग्रवाल ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान को अपने इस बयान के लिए पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए.
भाजपा ने किया बचाव
शिवराज सिंह चौहान के बयान को लेकर जब कांग्रेस हमलावर हुई तो भाजपा ने बचाव में मैदानी मोर्चा संभाल लिया है. भाजपा की ओर से प्रवक्ता रजनीश अग्रवाल ने चौहान के बयान का समर्थन किया है. उन्होंने कहा है कि नेहरू के फैसलों की समीक्षा आज की वर्तमान पीढ़ी कर रही है. उनके इस निर्णय के कारण ही देश को बड़ा खामियाजा भुगतना पड़ रहा है. अग्रवाल ने कहा कि पार्टी के उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान के बयान को वे समर्थन करते हैं.
कमलनाथ ने बयान को बताया निंदनीय
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी शिवराज सिंह चौहान के बयान की निंदा की है. उन्होंने कहा कि देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरु जिन्हें आधुनिक भारत का निर्माता कहा जाता है, जिन्होंने आजादी में योगदान दिया साथ ही देशहित में उनका योगदान अविस्मरणीय है. उनकी मृत्यु के 55 साल बाद अगर कोई उन पर सवाल उठा रहा है और उन्हें अपराधी संबोधित कर रहा हे यह बेहद आपत्तिजनक हे. उन्होंने नेहरु को अपराधी कहे जाने वाले बयान भी भी निंदा की है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें