शनिवार, 20 जून 2020

कांग्रेस ने कहा महाराजा पर भारी पड़े राजा

राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार दिग्विजय सिंह को एक मत ज्यादा मिलने को लेकर राजनीति गर्मा गई है। कांग्रेस ने इसे लेकर भाजपा तंज कसते हुए कहा कि चुनाव में राजा महाराजा पर भारी पड़े। वहीं कांग्रेस पर पलटवार करते हुए भाजपा ने कहा कि राजा महाराजा पर नहीं, बल्कि दलित पर भारी पड़े हैं।
राज्यसभा चुनाव में संख्या बल के हिसाब से पहले ही यह माना जा रहा था कि भाजपा के पक्ष में दो सीटें जाएंगी, परिणाम भी वैसे ही आया। मगर कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह के पक्ष में भाजपा विधायक द्वारा क्रास वोटिंग करने के बाद मामला गर्मा गया है। परिणाम को लेकर आज पूर्व मंत्री पी सी ष्षर्मा ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि राज्यसभा चुनाव के नतीजों यह बता दिया कि राजा, महाराजा पर भारी पड़े है। कांग्रेस का मैनेजमेंट मजबूत रहा और भाजपा के विधायक कांग्रेस को वोट कर गए। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने दूसरे दलों के विधायकों को प्रताड़ित कर वोटिंग कराई है। भाजपा ऐसे विधायकों को ब्लैकमेल कर रही है। शर्मा ने कहा कि भाजपा विधायकों के खिलाफ केस दर्ज होने का फायदा उठा रही है, लेकिन प्रदेश में आगे चलकर मणिपुर जैसी स्थिति बनेगी।
महाराजा नहीं, दलित पर भारी पड़े राजा: सारंग
पूर्व मंत्री पीसी ष्षर्मा के हमले पर भाजपा के पूर्व मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि राजा महाराजा पर नहीं, बल्कि दलित पर भारी पड़े हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के दूसरे प्रत्याशी फूलसिंह बरैया के वोट भी अलग से राजा को डलवा दिए गए। सारंग ने कहा कि कांग्रेस शुरूआत दलित विरोधी है। पहले नेहरू ने डा अंबेडकर की उपेक्षा की थी। अंबेडकर  को संसद सदस्य नहीं बनने दिया था। कांग्रेस उसी परंपरा को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रत्याशी चयन, वरीयता और चुनाव परिणाम से ये सब कुछ साफ हो गया है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें