कांग्रेस ने मांगा इस्तीफा
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने बताया कि प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल के गृह जिले हरदा में पहले गेहूं खरीदी में गड़बड़ी सामने आई थी और अब चना खरीद में फर्जीवाड़ा सामने आया है। इस फर्जीवाडे के आरोपियों को कृषि मंत्री का संरक्षण बताया जा रहा है। प्रदेश के कृषि मंत्री तत्काल इस फर्जीवाड़े पर नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे।
सलूजा ने बताया कि कृषि मंत्री के गृह जिले हरदा की सेवा सहकारी समिति चैकड़ी , शाखा खिरकिया में समर्थन मूल्य पर चना खरीद में धांधली सामने आई है। समिति ने 33 हजार 339 क्विंटल चना खरीदा जाना बताया पर यह आंकड़ा अधिकतम 29 हजार 400 क्विंटल के आसपास ही प्रमाणित हो रहा है। 2 हजार 804 क्विंटल चना के बिल गलत बनाए जाने और फर्जीवाड़ा सामने आने पर उन्हें निरस्त करने की बात सामने आई है। आश्चर्यजनक यह है कि यह वही संस्था है, जिसमें पिछले साल भी गड़बड़ी सामने आई थी और किसानों का भुगतान अटक गया था। इस समिति को खरीदी केंद्र नहीं बनाने जाने की सिफारिश भी हुई थी लेकिन फिर भी इसे राजनैतिक दबाव में खरीद का काम सौंपा गया।
उन्होंने कहा कि खरीद के सत्यापन में भी गड़बड़ी की बात सामने आने की बात सामने आयी है। इस गड़बड़ी को लेकर की गयी जाँच में गड़बड़ी की पुष्टि की बात भी सामने आई है।समिति प्रबंधक पर कार्यवाही की भी बात सामने आयी है। सलूजा ने कहा है कि कृषि मंत्री के खुद के क्षेत्र में ये हाल है तो बाकी प्रदेश के अन्य हिस्सों का खुद समझा जा सकता है। सलूजा ने कहा कि कांग्रेस मांग करती है कि कृषि मंत्री इस फर्जीवाडे की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा दे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें