राजधानी भोपाल में कोरोना संक्रमण को रोकने पुलिस ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों की मदद ले रही है. राजधानी के 2 सौ से अधिक कंटेनमेंट एरिया में पुलिस इनके द्वारा लोगों से लाक डाउन का सख्ती से पालन करा रही है.
राजधानी में कोरोना संक्रमित मामले लगातार बढ़ रहे हैं. इसने सरकार की चिंता को बढ़ा दिया है. संक्रमण को रोकने के लिए पुलिस द्वारा कंटेनमेंट एरिया में लाक डाउन का सख्ती से पालन करा रही है. पुलिस द्वारा कोरोना संक्रमण की रोकथाम, बचाव एवं आमजन के स्वास्थ्य हित को ध्यान में रखते हुए भोपाल जिले के 35 थाना क्षेत्र के कुल 204 कंटेनमेंट एरिया में पुलिस द्वारा पीपीई किट पहनकर पैदल पेट्रोलिंग की जा रही है, साथ ही लोगों की आवाजाही व सामाजिक गतिविधियों पर नजर रखने एवं लाक डाउन का सख्ती से पालन कराए जाने के लिए सीसीटीवी सर्विलांस व्हीकल्स से नियमित मानिटरिंग की जा रही है. साथ ही वीडियोग्राफी कर कंट्रोल रूम से लाइव मानिटरिंग भी की जाती है, ताकि शासकीय आदेशों का पालन कर कोरोना पर सख्ती से नियंत्रण पाया जा सकें. इसके अतिरिक्त उक्त क्षेत्रों में लगातार ड्रोन से विशेष निगरानी रखी जाकर किसी भी प्रकार की गतिविधियों न हो इस पर प्रभावी अंकुश लगाया जा रहा है, साथ ही थाना क्षेत्र के ऊंचे भवनों एवं रहवासी क्षेत्रों में छतों पर कोई गतिविधि न हो इसके लिए नियमित निगरानी की जा रही है.
थाना क्षेत्र के मुख्य मार्गों, महत्वपूर्ण चौराहों व क्षेत्रों में भी ड्रोन द्वारा लाक डाउन का पालन कराने में मदद ली जा रही है. विभिन्न स्थानों, चौराहों पर थाना व यातायात पुलिस द्वारा नाकाबंदी, बेरिगेटिंग कर आवाजाही करने वाले वाहनों, लोगों की सघनता से चेकिंग की जा रही है एवं क्षेत्र में अलाउंसमेन्ट कर लाक डाउन का सख्ती से पालन करवाया जा रहा है एवं लोगों से घरों में रहने की अपील की जा रहीं है.
पर्चों के द्वारा लोगों को किया जा रहा सावधान
राजधानी के अतिसंवेदनशील क्षेत्र जहांगीराबाद के अहीर मोहल्ले से 67 लोगों को शिफ्ट किया गया है. नगर निगम जिला और पुलिस प्रशासन के द्वारा शिफ्टिंग के लिए 5 टीमें बनाई गई है. इसके अलावा ड्रोन के माध्यम से क्षेत्र में सूचना संबंधी पर्चे पहुंचाए जा रहे हैं. इसमें लोगों को सावधान किया जा रहा है. साथ ही लोगों को बताया जा रहा है कि, आप रेड जोन क्षेत्र में हैं और ये रेड जोन क्षेत्र आपकी सेहत के लिए ठीक नहीं है. इसलिए सभी से अनुरोध है कि, घरों में ही सुरक्षित रहें. किसी भी तरह से बाहर निकलने का प्रयास ना करें, क्योंकि इस पूरे क्षेत्र में संक्रमण फैला हुआ है.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें