राज्य के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा और ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक पूर्व मंत्री इमरती देवी के बीच आज राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा हुई. इस दौरान मिश्रा ने कहा कि जिस दिन मुख्यमंत्री चाहेंगे उस दिन मंत्रिमंडल का विस्तार हो जाएगा.
सिंधिया समर्थक पूर्व मंत्री इमरती देवी के निवास पर आज राज्य के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री नरोत्तम मिश्रा पहुंचे. दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक मुद्दों और उपचुनाव को लेकर चर्चा हुई. मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भी दोनों नेताओं के बीच बातचीत हुई है. मुलाकात के बाद पूर्व मंत्री इमरती देवी ने कहा कि हम पहले एक-दूसरे के खिलाफ लड़ते थे, अब साथ मिलकर चुनाव लड़ना और जीतना है. मिश्रा के साथ आज उनकी राजनीतिक मुद्दों और उपचुनाव को लेकर बैठक में बातचीत हुई है. मंत्रिमंडल में शामिल होने को लेकर उन्होंने कहा कि इस बात का फैसला ज्योतिरादित्य सिंधिया को लेना है.
वहीं गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि वे स्वयं इमरती देवी से मुलाकात करने उनके निवास पर पहुंचे थे. मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर उन्होंने कहा कि इसका फैसला मुख्यमंत्री को करना है, वे जिस दिन चाहेंगे, उस दिन मंत्रिमंडल का विस्तार हो जाएगा. इमरती देवी से मुलाकात में उनकी राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा हुई है. इसके अलावा उपचुनाव को लेकर भी चर्चा हुई है.
कारगर साबित होगी प्लाज्मा थेरेपी
गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कोरोना संक्रमण से निपटने में प्लाज्मा थेरेपी कारगर साबित होगी. उन्होंने कहा कि इंदौर में 3 मरीज इस थेरेपी से स्वस्थ हुए और घर लौट गए हैं. प्लाज्मा थेरेपी के माध्यम से ठीक होकर घर वापस जाने वाले लोगों से नरोत्तम मिश्रा ने खुद वीडियो कांफें्रसिंग के माध्यम से बात की और कोरोना की जंग साथ लड़ने और समाज को प्रोत्साहित करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि कोरोना के संकट के अंधियारे को मिटाने में प्लाज्मा थेरेपी उम्मीद की एक बड़ी किरण है.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें