सोमवार, 4 मई 2020

मजदूरों के लाने पर खर्च को लेकर सियासत, शिवराज ने कहा बदलिए सलाहकारों को


कांग्रेस द्वारा दूसरे राज्यों में फंसे मजदूरों को लाने का खर्च देने की बात पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि कटाक्ष करते हुए कहा कि  थोड़ा समाचार पढ़ लिया कीजिए, या फिर अपने सलाहकारों को बदलिए, जो आप को सही जानकारी नहीं देते.
कांग्रेस द्वारा दूसरे राज्यों में फंसे मजदूरों को लाने का खर्च देने की घोषणा की गई. इस आशय की कांग्रेस द्वारा एक विज्ञप्ति भी जारी की गई. जारी विज्ञप्ति में कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा मजदूरों को लाने का खर्च कांग्रेस द्वारा वहन करने की बात कही गई है. इस विज्ञप्ति के जारी होते ही एक बार फिर राजनीति शुरु हो गई. प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया पर इसे लेकर कांग्रेस पर हमला बोला है. चौहान ने कहा कि स्वर्गीय ऋषि कपूर की एक फिल्म में गाना था जो मुझे याद आ रहा है, मैं देर करता नहीं, देर हो जाती है. ये सटीक बैठता है कांग्रेस के नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर. वो विज्ञप्ति जारी कर कह रहे है कि कांग्रेस, श्रमिकों की आवाजाही का खर्च वहन करेगी. उन्होंने कहा कि थोड़ा समाचार पढ़ लिया कीजिए या फिर अपने सलाहकारों को बदलिए, जो आप को सही जानकारी नहीं देते. मध्यप्रदेश ने पहले ही अलग-अलग राज्यों में फंसे श्रमिकों को सरकार के खर्चे पर वापस लाने का काम शुरू कर दिया है. 
मुख्यमंत्री ने कहा कि वो हम ही थे जो कोटा में फंसे विद्यार्थियों को अपने खर्चे पर लेकर आए. अब तक एक श्रमिक ट्रेन भी आ चुकी है.  आप चाहें तो प्रदेश में अपने विधायकों से बात कर लीजिए. उन्होंने कहा कि प्रदेश का हर नागरिक यह सच्चाई जानता है कि कौन उनका ख़्याल रखता है और कौन सिर्फ़ दिखावे की राजनीति करता है. मुझे इस बात का दु:ख है कि प्रजा जब दु:खी होती है, तो आपकी राजनीति शुरू हो जाती है और इस बात का सुख है कि हमारी नीति उनके सुख के लिए होती है.
चौहान ने कहा कि हम उनके जैसा सोचते हैं, क्योंकि हम उनमें से एक हैं, उनके बराबर खड़े रहते हैं, महल में रहकर उनके साथ खड़े होने का दिखावा नहीं करते. अब लगे हाथ ये भी बता दीजिए कि कांग्रेस शासित किन राज्यों ने यह खर्च उठाया? कुछ समाचार चैनल तो ये भी बता रहे है कि महाराष्ट्र समेत कई कांग्रेस शासित राज्यों ने किसी भी तरह का खर्च उठाने से मना कर दिया है. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें