रविवार, 17 मई 2020

इंदौर, भोपाल बन रहे ‘वुहान’

 इंदौर देश का 7 वां और भोपाल 11 वां हाटस्पाट शहर बना

मध्यप्रदेश की औद्योगिक नगरी इंदौर और राजधानी भोपाल में कोरोना का कहर ज्यादा देखने को मिल रहा है. दोनों ही शहरों में संक्रमितों की संख्या चीन के वुहान की तरह बढ़ रही है. इंदौर जहां देश का 7 वां और भोपाल 11 वां हाटस्पाट शहर बन गए हैं. दोनों ही शहरों में कोरोना वायरस की भयावह तस्वीर सामने आ रही है.
मध्यप्रदेश के इंदौर में 23 सौ से ज्यादा और राजधानी भोपाल में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1 हजार के पास पहुंच गई है. इंदौर में तेजी से कोरोना संक्रमण बढ़ा और आज भी प्रतिदिन 50 से ज्यादा मरीज पाजिटिव मिल रहे हैं. इंदौर में अब तक इस बीमारी से मरने वालों की संख्या भी 100 हो गई है. इंदौर में 92 कोरोना पाजिटिव मरीज सामने आए हैं. इसके साथ ही अब यहां पर कोरोना संक्रमितों की संख्या 2470 हो गई है. वहीं भोपाल में यह संख्या 38 हैं. इसके साथ ही भोपाल में कोरोना पाजिटिव मरीजों की संख्या अब बढ़कर 992 हो गई है. दोनों ही स्थानों पर स्वस्थ होकर घर लौटने वालों की संख्या 1625 है. इंदौर में 11 सौ और भोपाल में 5 सौ 25 मरीज स्वस्थ होकर घर लौटे हैं. बढ़ रही कोरोना संक्रमितों की संख्या ने इंदौर को देश का 7 वां और भोपाल  को 11 वां हाटस्पाट शहर बना दिया है.
राजधानी भोपाल में सबसे बुरा हाल पुराने शहर के जहांगीरबाद इलाके का है. इस क्षेत्र में हर दिन 10 से ज्यादा मरीज कोरोना पाजिटिव आ रहे हैं. राजधानी के कुल कोरोना संक्रमितों में से 25 प्रतिशत कोरोना संक्रमित इसी इलाके के हैं और जो मौंते राजधानी में अब तक इस बीमारी के चलते हुई, इनमें सबसे ज्यादा मौतें भी इसी इलाके के लोगों की हुई है. इस क्षेत्र की हर गली में कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं, जिसने प्रशासन की चिंता को बढ़ा दिया है. 
भोपाल में मिले 38 नए मरीज 
राजधानी भोपाल में आज रविवार को फिर से 38 नए मरीज मिले हैं. इनमें मेडिकल कालेज सहायक चिकित्सक सहित परिवार के 10 लोग कोरोना पाजिटिव पाए गए हैं. इनमें 10 वर्ष से कम उम्र के दो बच्चे भी शामिल हैं. रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जिस इलाके में वह निवास करते है उस पूरे इलाके को बैरिगेटिंग कर सील कर दिया गया है.
खतरनाक रहा लाक डाउन 3
राजधानी भोपाल के लिए लाक डाउन 3 खतरनाक रहा है. पिछले 14 दिनों में राजधानी में 451 संक्रमित मिले हैं, तो मरने वालों की संख्या भी 14 रही है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें