
मध्यप्रदेश के गृह मंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि लाक डाउन में सेवा करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया जाएगा. शहीद पुलिसकर्मियों को कर्मवीर सम्मान से नवाजा जाएगा. गृह मंत्री ने कहा कि शहीद पुलिस कर्मचारियों के परिजनों के लिए हेल्प डेस्क सेवा भी शुरु की जाएगी.
गृह मंत्री आज पुलिस मुख्यालय पहुंचे थे, जहां उन्होंने कोरोना संक्रमण के दौरान चल रहे लाक डाउन को लेकर अधिकारियों की बैठक ली. गृह मंत्री मिश्रा ने प्रदेश के शहीद पुलिसकर्मियों के परिवारों के लिए हेल्प डेस्क की शुरूआत करने के निर्देश दिए हैं. गृहमंत्री ने कहा कि शहीद हुए पुलिसकर्मियों के परिवारों को हर संभव मदद पहुंचाई जाएगी. साथ ही निर्देश दिए हैं कि एडीजी या आईजी स्तर के अधिकारी इन परिवारों की समस्याओं का निराकरण करना सुनिश्चित करें.
उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी में ड्यूटी करने वाले सभी जवानों को पुरस्कार दिया जाएगा. गृहमंत्री ने कहा कि शहीद हुए पुलिसकर्मियों के बच्चों के एडमिशन से लेकर हर छोटी बड़ी समस्याओं का निराकरण तत्काल किया जाना चाहिए. साथ ही बैठक में फील्ड पर तैनात कोरोना वारियर्स को लेकर भी कई दिशा निर्देश दिए गए हैं. गृह मंत्री मिश्रा ने पुलिस विभाग की तारीफ की. बता दें कि लाकडाउन में सेवा देने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित भी किया जाएगा, इस सम्मान से 15 अगस्त को सम्मानित किया जाएगा. उन्होंने कहा कि शहीद पुलिसकर्मियों को कर्मवीर सम्मान दिया जाएगा. बैठक से पहले मंत्री डा मिश्रा ने शहीद हुए पुलिस कर्मियों को श्रद्धांजलि भी दी.
गौरतलब है कि कोरोना संक्रमण के मद्देनजर मध्यप्रदेश में लाकडाउन का तीसरा चरण जारी है. 24 मार्च से लेकर अब तक लगातार पुलिसकर्मी सड़कों पर कोरोना वायरस से जंग लड़ रहे हैं. ऐसे में मध्यप्रदेश के दो पुलिस अधिकारियों के इस महामारी की चपेट में आने से मौत हो गई है.
मंत्री डॉ. मिश्रा ने कहा कि पुलिसकर्मियों के कल्याण की प्रक्रिया नीचे से ऊपर की ओर चलेगी. पुलिसकर्मियों की क्रमोन्नति, पदोन्नति पर निर्णय लिए जाने संबंधी आवश्यक कार्यवाही तत्परतापूर्वक की जाए. जिन परिस्थितियों में आज पुलिस विभाग कार्य कर रहा है, उनके कल्याण के लिए विभाग आगे बढ़कर कार्य करेगा. उन्होंने पुलिस के आला अधिकारियों से आवश्यक सुझाव भी मांगे.
उच्चतम वेतनमान पर कार्य करने वालों को पदनाम
गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने आज पुलिस मुख्यालय में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में उच्चतम वेतनमान पर कार्यरत पुलिसकर्मियों को पदनाम देने पर सैद्धांतिक सहमति व्यक्त करते हुए प्रस्ताव देने के निर्देश पुलिस महानिदेशक को दिए.
डायल 100 घर जाकर दर्ज करेगी एफआईआर
मंत्री डा. मिश्रा ने कहा कि पुलिस विभाग सुधारात्मक प्रक्रिया के अंतर्गत वन स्टेप-अप होकर कार्य करेगा. डायल 100 एफआरवी लोगों की शिकायत पर घर जाकर एफआईआर दर्ज करेगी. शीघ्र ही इसके लिए आवश्यक कदम उठाएं जा रहे है. अति गंभीर मामलों को छोड़कर सामान्य मामलों में इस प्रकार की एफआईआर डायल 100 द्वारा दर्ज की जा सकेगी. शीघ्र ही आमजन को यह सुविधा मिलेगी कि उन्हें एफआईआर दर्ज कराने के लिए थाने नहीं जाना पड़ेगा.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें