15-15 दिन की लगाई ड्यूटी, 60 से अधिक उम्र वालों को दी रियायतमध्यप्रदेश में गहराए संकट क बीच राजधानी भोपाल स्थित स्वास्थ्य संचालनालय करीब एक पखवाड़े के बाद आज से फिर शुरु हुआ है. संचालनालय में रोस्टर के आधार पर अधिकारियों, कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है. वहीं 60 से अधिक उम्र वाले अधिकारियों, कर्मचारियों को रियायत भी दी है. संचालनालय में आज जब कामकाज शुरु हुआ इसके पहले पूरे कार्यालय को 3 बार सैनेटाइज किया गया.
कोरोना संक्रमण के चलते राजधानी भोपाल में सबसे ज्यादा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी संक्रमित हुए थे. इनकी संख्या करीब 94 है. इसके बाद से सतपुड़ा भवन स्थित स्वास्थ्य संचालनालय में कामकाज बंद हो गया था. अब आज फिर से स्वास्थ्य संचालनालय में कामकाज की शुरुआत हुई है. संचालनालय में काम की शुरुआत किए जाने के पहले इसे 3 बार सेनेटाइज किया गया है, साथ ही सभी अधिकारियों, कर्मचारियों को एक साथ ड्यूटी पर भी नहीं बुलाया गया. आज कार्य पर 32 अधिकारी, कर्मचारियों को बुलाया गया. ये सभी 15 दिनों तक नियमित रुप से कार्य करेंगे. इसके बाद 15 दिन पूरे होने पर रोस्टर के अनुसार दूसरे 32 अधिकारियों, कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी. संचालनालय में आज काम पर पहुंचे अधिकारियों, कर्मचारियों में उप संचालक, सेक्शन अधिकारी, तृतीय श्रेणी कर्मचारी, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी, लिफ्ट कर्मचारी शामिल थे. वैसे स्वास्थ्य संचालनालय के अधिकारियों का कहना है कि संचालनालय में कभी काम बंद नहीं हुआ था. यह जरुर सच है कि स्वास्थ्य विभाग के बड़ी संख्या में अधिकारियों, कर्मचारियों के कोरोना संक्रमित होने के चलते काम प्रभावित हुआ है. अब आज से फिर संचालनालय में काम शुरु हुआ है.
संचालनालय में आज से काम पर पहुंचने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों में 60 से अधिक उम्र वालों को रियायत दी गई है. 60 से अधिक उम्र वालों को कहा गया है कि वे अगर चाहें तो कार्यालय आ सकते हैं, अगर उन्हें स्वास्थगत किसी भी तरह की परेशानी महसूस हो रही है तो वे कार्यालय न आएं.
कराना होगा टेस्ट
स्वास्थ्य विभाग ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि विभाग के सभी अधिकारी और कर्मचारी अपना कोरोना टेस्ट कराएं और रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद ही आफिस पहुंचे. सभी कर्मचारियों, अधिकारियों को कोरोना टेस्ट कराना अनिवार्य है, यदि किसी ने जांच कराने में आनाकानी की या जांच नहीं कराई तो उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी. आदेश में स्पष्ट किया गया है कि कोरोना से संबंधित लक्षण जिन कर्मचारियों, अधिकारियों में दिखाई दे वे छिपाए नहीं, बल्कि जांच कराकर इलाज कराएं.
जल्द खुल सकते हैं ये कार्यालय भी
कोरोना लाक डाउन के चलते राजधानी स्थित जो कार्यालय बंद थे, उन्हें जल्द खोलकर कामकाज की शुरुआत की जा रही है. इनमें जिला प्रशासन, कोषालय, वन विभाग, रक्षा, स्वास्थ्य, परिवार कल्याण, आपदा नियंत्रण, मौसम विभाग, भू-गर्भ विभाग, सूचना कार्यालय, खाद्य कार्यालय, एनसीसी, नेहरू युवा केन्द्र, पुलिस, होमगार्ड, अग्नि शमन, आपदा नियंत्रण, जेल, नगरीय निकाय, प्रथम एवं द्वितीय श्रेणी के सभी अधिकारी, तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी से 33 प्रतिशत कर्मचारी (जरूरत अनुसार).
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें