मंगलवार, 21 अप्रैल 2020

कोरोना से लड़ाई लड़ रहे कर्मचारियों को उपलब्ध कराएं पीपीई किट और मास्क


पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने एक बार फिर कोरोना से लड़ाई लड़ रहे प्रदेश के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों को पीपीई किट, मास्क और जरुरी उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की है. उन्होंने उज्जैन के नीलगंगा थाना प्रभारी यशवंत पाल के निधन पर शोक जताया और कहा कि लोगों की सुरक्षा के लिए अपनी जान जोखिम में डाल रहे अधिकारियों, कर्मचारियों को देखते हुए सरकार को जल्द ही उनकी सुरक्षा के कदम उठाने चाहिए.
 पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा है कि जिस प्रकार से कर्मचारी संक्रमित हो रहे हैं, ये चिंता का विषय है. जब ये कर्मवीर योद्धा ही सुरक्षित नहीं रह पाएंगे, तो आमजन की सुरक्षा कैसे करेंगे. कमलनाथ ने ट्वीट करते हुए लिखा है कि मैं आज एक बार फिर सरकार से यह मांग कर रहा हूं कि जनता की सुरक्षा के लिए अपनी जान को जोखिम में डालकर, फील्ड में काम कर रहे डाक्टर्स, स्वास्थ्यकर्मी, पुलिसकर्मी, मेडिकल स्टाफ, आशा कार्यकर्ता, अधिकारी-कर्मचारी कोरोना से संक्रमित होते जा रहे हैं. ऐसे में सभी को तत्काल पीपीई किट, मास्क से लेकर सुरक्षा के आवश्यक सारे संसाधन उपलब्ध कराए जाएं. ये कर्मवीर योद्धा ही जब सुरक्षित नहीं रह पाएंगे, तो ये आमजन की सुरक्षा कैसे कर पाएंगे. उन्होंने कहा कि आज इंदौर के बाद हमारे उज्जैन के नीलगंगा थाना प्रभारी  यशवंत पाल जो जनता की सुरक्षा के लिए ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का पालन कर रहे थे, कोरोना की जंग हार गए. ऐसे कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी की शहादत को सलाम.
बेटी फाल्गुनी को उपनिरीक्षक पद पर मिलेगी नियुक्ति
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कोरोना से लड़ते हुए कर्तव्य की बलिवेदी पर प्राण त्याग देने वाले उज्जैन नीलगंगा के थाना प्रभारी  यशवंत पाल  को विनम्र श्रद्धांजलि. ईश्वर उनकी पुण्य आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें व शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करें. हम सब उनके परिवार के साथ हैं. उन्होंने कहा कि दु:ख की इस घड़ी में दिवंगत यशवंत पाल के परिवार के साथ मैं व पूरा प्रदेश खड़ा है. चौहान ने कहा कि शोकाकुल परिवार को राज्य शासन की ओर से सुरक्षा कवच के रूप में 50 लाख रुपए, असाधारण पेंशन, बेटी फाल्गुनी को उपनिरीक्षक पद पर नियुक्ति व स्वर्गीय पाल को मरणोपरांत कर्मवीर पदक से सम्मानित किया जाएगा.
पुलिस महानिदेशक ने दी श्रद्धांजलि
पुलिस महानिदेशक  विवेक जौहरी ने उज्जैन के नीलगंगा थाना प्रभारी यशवंत पाल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा है कि वैश्विक महामारी कोरोना के खिलाफ साहसिक जंग लड़ते हुए यशवंत पाल ने अपने प्राणों का बलिदान कर दिया. जौहरी ने मध्यप्रदेश पुलिस परिवार की ओर से उनकी शहादत को नमन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है. पुलिस महानिदेशक ने कहा है कि पिछले एक हफ्ते के भीतर हमारे दो बहादुर पुलिस अधिकारी कर्तव्य की बलिवेदी पर शहीद हुए हैं. इन दोनों पुलिस अधिकारियों के आसामयिक निधन से पूरा मध्यप्रदेश पुलिस परिवार स्तब्ध एवं शोकाकुल है. इन अधिकारियों द्वारा प्रदर्शित कर्तव्यपरायणता एवं साहस से हम सब गौरवांवित हुए हैं. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें