गुरुवार, 23 अप्रैल 2020

अर्णव के खिलाफ दर्ज कराई एफआईआर

 कांग्रेस अध्यक्ष पर टिप्पणी अमर्यादित
अखिल भारतीय कांगे्रस कमेटी की अध्यक्ष सोनिया गांधी पर अर्णब गोस्वामी द्वारा दिए गए लाइव डिबेट में अभद्र और अमर्यादित टिप्पणी की गई है, जिसकी मध्यप्रदेश कांग्रेस कड़े शब्दों में निंदा करती है. राज्य की सागर जिला कांग्रेस इकाई ने अर्णव के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई है.
प्रदेश कांगे्रस मीडिया अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि ऐसे समय में लोकतंत्र का चौथा स्तंभ कहलाने वाले मीडिया को भी अपनी भूमिका पहचाननी होगी और सच का साथ देना होगा, यदि हां में हां मिलाते रहे तो लोकतंत्र की विश्वसनीयता पर भी एक बड़ा प्रश्नचिन्ह खड़ा हो सकता है. पटवारी ने कहा कि मैं अपने मीडिया के साथियों, संपादकों और वरिष्ठ पत्रकारों से आग्रह करता हूं कि वे अपने विवेक से निर्णय लेकर यह सोचे और बताएं कि जिस तरह की अभद्रतापूर्ण टिप्पणियां अर्णब गोस्वामी ने कांगे्रस नेतृत्व सोनिया गांधी पर की है, क्या वह सही है? जिस परिवार, समाज या देश में नारी की इज्जत नहीं होती उसका पराभव अवश्यंभावी है.
पटवारी ने कहा कि सोनिया गांधी जैसी चरित्रवान भारतीय संस्कारों को वहन करने वाली भारतीय महिला पर कटाक्ष करने वाले अर्नब गोस्वामी की इस अनर्गल टिप्पणी को पत्रकारिता कह सकते हैं? यह तो सांप्रदायिक हिंसा भड़काने का कुत्सित प्रयास है. उन्हें न तो भाषा की और न ही किसी की मर्यादा का ध्यान है. उन्होंने जो अभद्रतापूर्ण टिप्पणी की हैं वह दंडनीय अपराध है. अब समय आ गया है कि नफरत फैलाने वाले एवं दूसरों के चरित्र पर उंगली उठाने वाले पत्रकारों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही होनी चाहिए. 
भारतीय सनातन संस्कृति का अपमान 
कांग्रेस के नेशनल मीडिया कोर्डिनेटर अभय दुबे ने कहा कि भारतीय सनातन संस्कृति और सभ्यता का मूल मंत्र है, यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवता अर्थात जहां नारी की पूजा होती है वहां देवता वास करते हैं. भारत ने अपनी संस्कृति , सभ्यता और समाज के विकास का मापदंड  नारी की स्थिति को माना  है. भारत ने हमेशा से नारी के अपमान को राष्ट्र के अपमान के रूप देखा है. उन्होंने कहा कि आज जिस अभद्र भाषा को प्रयुक्त कर सोनिया गांधी का अपमान अर्णव गोस्वामी ने  किया है ,उसकी  राष्ट्रव्यापी भर्त्सना होनी चाहिए. सोनिया गांधी  सिर्फ भारत की बहू ही नहीं हैं, अपितु उनमें भारत की रगों में दौड़ने वाला त्याग और बलिदान भी प्रतिबिंबित होता है. 
अर्णव गोस्वामी के खिलाफ दर्ज कराई एफआईआर
पत्रकार अर्णव गोस्वामी द्वारा कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के संबंध में अपशब्दों एवं अपमानजनक भाषा बोलने तथा धर्म एवं जाति के आधार पर सांप्रदायिक हिंसा भड़काने का प्रयास करने के खिलाफ मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एवं पीसीसी सदस्य डा. संदीप सबलोक ने सागर के थाना सिविल लाइंस में एफआईआर दर्ज कराई है. सागर जिला कांग्रेस अध्यक्ष रेखा चौधरी ने भी गिरफ्तारी की मांग करते हुए आरएसएस के पुरुषवादी एजेंडे के तहत इसे संपूर्ण नारी जाति का घोर अपमान बताया है. वहीं सागर जिला कांग्रेस अध्यक्ष रेखा चौधरी ने इस घटना पर अपनी तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मीडिया की आड़ में आरएसएस और भाजपा की गोद में बैठे हुए लोग कोरोना संक्रमण की आपदा के समय में भी धर्म जाति और संप्रदाय के नाम पर देश को हिंसा की आग में झोंकने पर तुले हुए हैं और सम्पूर्ण मीडिया को बदनाम कर रहे हैं.
4

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें