गुरुवार, 9 अप्रैल 2020

संक्रमितों की संख्या रोकने में नाकाम सरकार

 गलत प्रबंधन और संसाधनों की कमी से स्थिति अब और भयावह : जीतू पटवारी


प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि मध्यप्रदेश में जानलेवा कोरोना महामारी के संक्रमितों की संख्या लगातार तेजी से बढ़ती जा रही है. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 15 दिनों के लाकडाउन करने के बावजूद अभी तक कोरोना वायरस के संक्रमण को कंट्रोल नहीं कर पा रहें. मौत और संक्रमितों का आंकड़ा दिनों -दिन तेज गति से बढ़ता जा रहा है. मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमित और मृत्यु का अगर हम प्रतिशत निकाले तो वह देश में होने वाली औसत मौतों से दो गुना है, वहीं स्वस्थ होने का रेट देश के औसत से भी आधा है.
पटवारी ने कहा कि इंदौर में प्रतिदिन एक कोरोना मरीज संसाधन की कमी के चलते दम तोड़ रहा है. सरकार के गलत प्रबंधन और संसाधनों की कमी से स्थिति अब और भयावह होती जा रही. समय रहते 5 दिनों में इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, खरगोन, जबलपुर, शिवपुरी और उज्जैन में ध्यान नहीं दिया गया, तो मौत और कोरोना पाजिटिव का आंकड़ा तेजी से बढ़ेगा, क्योंकि इंदौर में क्वारंटाइन किए इलाकों के बाहर भी महामारी फैल रही है. जो की थर्ड स्टेज में जाने का संकेत है. उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ने के लिए सरकार के पास 15 दिन काफी समय था, लेकिन शिवराज सिंह सरकार बनाने और अपने पसंदीदा अधिकारियों को इधर से उधर करने में लगे रहे. कोरोना से लड़ने के लिए कोई ठोस तैयारी नहीं की. कोरोना वायरस जैसी महामारी के खिलाफ डॉक्टर्स जंग लड़ रहे हैं. वह दिन-रात मरीजों का इलाज कर रहे हैं. लेकिन मुख्यमंत्री अभी मंत्रीमंडल की तैयारी कर रहे. डाक्टर्स, पुलिस अधिकारियों का तबादला किया जा रहा. ताकि समय आने पर मनमानी की जा सके.
सुविधा संपन्न शहरों में हो रही मौत चिंताजनक
पटवारी ने कहा  कि प्रदेश में कोरोना से अब तक हुई 20 से अधिक मौत की घटना दुखद है. प्रदेश के इंदौर और भोपाल जैसे बड़े और सुविधा संपन्न शहरों में कोरोना से लोग मर रहें, यह चिंताजनक है. राज्य के अस्पतालों को बड़े पैमाने पर चिकित्सकीय उपकरणों की जरूरत है. पर्याप्त मात्रा में सैनिटाइजर और टेस्टिंग किट, वेंटिलेटर, मास्क, सुरक्षा संसाधन उपलब्ध कराने में सरकार विफल है. त्रासदी के दौर में भी सरकार भ्रष्टाचारियों पर लगाम नहीं लगा पा रही है. दूने- चौगुने दामों पर लोग जरूरी सामान खरीद रहे हैं. ऐसे में सरकार का प्रबंधन पूरी तरह से लाचार दिखाई पड़ रहा है.
 देश में दूसरे नंबर पर मध्यप्रदेश
कोरोना से हर दिन बढ़ते संक्रमणों की संख्या से अब मध्यप्रदेश देश के दूसरे नंबर पर आ गया है. इसकी वजह शासन की ओर से शुरूआत में बरती गई लापरवाही है. भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, शिवपुरी, जबलपुर, खरगोन, छिंदवाड़ा में हर दिन नए पाजिटिव सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या 256 से अधिक पहुंच गई. कोरोना से बचाने में जुटा स्वास्थ्य विभाग ही संक्रमण का शिकार हो गया है. स्थिति यह है कि यहां प्रमुख सचिव से लेकर बाबू तक संक्रमित हो चुके हैं.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें