मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जल्द ही अपने मंत्रिमंडल का गठन कर सकते हैं. बताया जा रहा है कि चौहान का मंत्रिमंडल इसी सप्ताह शपथ ले सकता है. इसके लिए दावेदारों की सक्रियता भी दिखाई दे रही है.
राज्य में कांग्रेस की सरकार गिरने के बाद कोरोना संकट के चलते लगातार टल रहे शिवराज मंत्रिमंडल गठन को लेकर सियासत भी तेज होने लगी थी. साथ ही कई दावेदार भी निराश हो रहे थे. मगर अब लाक डाउन के 14 अप्रैल के से आगे बढ़ने को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जल्द ही अपने मंत्रिमंडल के गठन करने की तैयारी की है. माना जा रहा है कि वे इसी सप्ताह के अंत तक मंत्रियों को शपथ दिला सकते हैं. कांग्रेस लगातार संकट के इस दौर में मंत्रिमंडल के न होने को लेकर शिवराज सरकार पर हमलावर भी हो रही है, वहीं भाजपा में भी अब शिवराज सिंह पर मंत्रिमंडल गठन को लेकर दबाव बनने लगा है. सूत्रों की माने तो शिवराज सिंह चौहान 14 एवं 15 अप्रैल को संगठन के साथ बैठक कर मंत्रिमंडल पर मोहर लगा सकते हैं. इसके साथ ही इस सप्ताह के अंत तक वे अपने मंत्रिमंडल का गठन करते हुए मंत्रियों को शपथ दिलाने की तैयारी कर रहे हैं.
शिवराज सिंह पर मंत्रिमंडल गठन को लेकर दबाव भी है, साथ ही उनके लिए यह चुनौती भी है. हाल ही में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए सिंधिया समर्थकों को भी उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल करना है, इसके चलते वे इस तरह की जमावट करना चाहते हैं कि भाजपा के पुराने और वरिष्ठ नेता जो मंत्री बनने के दावेदार है, वे नाराज भी न हो. माना जा रहा है कि सिंधिया समर्थक जो 22 विधायकों ने भाजपा की शपथ ली थी, उनमें से करीब 10 विधायकों को शिवराज को अपने मंत्रिमंडल में शामिल करना है, इसे लेकर भाजपा संगठन में कुछ नेता नाराज भी है. वहीं कई कद्दावर भाजपा विधायक भी खफा है. शिवराज के बीते 13 साल के कार्यकाल में इन कद्दावर विधायकों को मंत्री बनाए जाने का आश्वासन तो मिला, मगर अब तक उन्हें मंत्री बनाया नहीं गया. अब भी इन विधायकों की अनदेखी हो सकती है, इसे लेकर वे चिंतित भी हैं और संगठन पदाधिकारियों से लगातार संपर्क भी कर रहे हैं. भाजपा में मंत्रिपद के कई दावेदार विधायक हैं, इस लिहाज से शिवराज सिंह चौहान के लिए मंत्रिमंडल का गठन चुनौती भी माना जा रहा है.
सादगीपूर्ण होगा शपथ ग्रहण समारोह
कोरोना संकट के चलते शिवराज सिंह चौहान अपने मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह सादगी के साथ करना चाह रहे हैं. बताया जाता है कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए वे राजभवन में सादगी के साथ मंत्रियों को शपथ दिलाएंगे. सूत्रों की माने तो शिवराज सिंह चौहान ने 14 अप्रैल को भाजपा के वरिष्ठ विधायकों जो पूर्व में मंत्री रह चुके हैं, उन्हें भोपाल पहुंचने का संकेत भी दिया है.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें