भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री सुश्री उमा भारती ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को पत्र लिखकर पालघर में साधुओं की हुई हत्या के मामले में पुलिसकर्मियों पर भी हत्या का मामला दर्ज करने की बात कही है.
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ठाकरे को लिखे पत्र में भारती ने कहा कि आप एक महान पिता की संतान हैं एवं आप स्वयं भी साधुओं का सम्मान करने वाले व्यक्ति हैं. पालघर महाराष्ट्र में जो महान साधुओं की, भीड़ के द्वारा हत्या हुई है यह एक कानून की दृष्टि में जघन्य अपराध एवं धर्म की दृष्टि से महापाप है. आप महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री हैं आपने स्वयं यह कृत्य नहीं किया है, किंतु आपके द्वारा शासित राज्य में यह जघन्य कृत्य हुआ है. इसलिए इसमें सभी दोषियों को दंडित करना होगा. जिन पुलिसकर्मियों के हाथ पकड़ कर असहाय साधु जीवन रक्षा की गुहार लगा रहे थे उन पुलिसकर्मियों ने उन्हें बचाने के बजाय उन्हें भीड़ के हवाले हो जाने दिया एवं वह स्वयं को छुड़ाकर अलग हो गए, यह पुलिसकर्मी भी हत्या आरोपी हैं उन पर भी 302 ही दर्ज होना चाहिए. यदि यह चाहते तो हवा में फायर करके उन साधुओं को बचा सकते थे.
पूर्व मुख्यमंत्री ने पत्र में लिखा है कि मेरा अनुरोध है आपको उन समस्त पुलिस सहित हत्यारों को कठोर दंड देना ही होगा अन्यथा आप स्वयं भी इस पाप के भागीदार होंगे. मैं आज प्रायश्चित के लिए भोपाल में अपने आवास में ही उपवास कर रही हूं तथा मैंने साधु समाज से भी अपने-अपने स्थान पर रहते हुए 1 दिन का उपवास करने की अपील की है. आप से भी अपेक्षा करती हूं कि अपराधियों पर कठोरतम कार्रवाई आपका प्रायश्चित होगा. जब भी लाकडाउन खत्म होगा मैं उस स्थान पर अवश्य जाऊंगी तथा थोड़ी देर वहां रहकर निर्दयता से मारे गए उन साधुओं के लिए भी प्रार्थना करूंगी तथा उनसे अपने देश एवं समाज के लिए क्षमा मांगूगी. मैं आप जैसे संवेदनशील व्यक्ति से आपके राज्य में हुए इस महापातक के लिए कठोर कार्रवाई का आग्रह करती हूं एवं आप पर विश्वास करती हूं कि आप ऐसा करेंगे.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें