प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर मांग की है कि प्रदेश में मध्यान्ह भोजन योजना के तहत उपलब्ध कराया जाने वाला भोजन बच्चों को उनके घरों पर उपलब्ध कराया जाए.
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने पत्र में लिखा है कि कोरोना महामारी के कारण देशव्यापी लाकडाउन के साथ मध्यप्रदेश के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद हैं और इस वजह से इन स्कूलों और आंगनबाड़ी में आने वाले बच्चों को मध्यान्ह का भोजन नहीं मिल पा रहा है. उन्होंने पत्र में यह भी कहा है कि गरीब और मजदूरों के कामकाज बंद हो जाने से जहां एक ओर इन गरीबों के समक्ष आय का संकट खड़ा हो गया है, वहीं दूसरी ओर इन परिवारों के बच्चों को मध्यान्ह का भोजन नहीं मिल पाने से इन परिवारों पर दोहरा संकट उत्पन्न हो गया है.
पूर्व मुख्यमंत्री सिंह ने पत्र में पंजाब सरकार द्वारा मध्यान्ह के भोजन की लागू की गई, व्यवस्था का हवाला देते हुए कहा कि पंजाब में बच्चों को उनके घर पर ही भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि बच्चों को भूख से मरने से बचाया जा सके.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें