शुक्रवार, 3 अप्रैल 2020

पुजारी से मारपीट मामले में थाना प्रभारी लाइन अटैच


मध्यप्रदेश के रीवा में टीआई राजकुमार मिश्रा को पुजारी से मारपीट करना महंगा पड़ गया. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस मामले को संज्ञान में लिया और टीआई को लाइन अटैच करने के निर्देश दिए. बाद में रीवा आईजी ने टीआई को लाइन अटैच कर दिया है. 
दरअसल,  बीते दिनों धारा 144 के उल्लंघन के दौरान उन्होंने कार्रवाई करते हुए मंदिर के एक पुजारी के साथ मारपीट कर दी थी. इतना ही नहीं एक देवी मंदिर परिसर में जूते पहनकर  घुस गए थे और पूजा की सामग्री को भी फेंक दिया था, इस दौरान किसी ने उनकी फोटो क्लिक कर सोशल मीडिया पर डाल दी थी. जैसे ही फोटो वायरल हुई लोगों में आक्रोश बढ़ गया था. सड़क से लेकर सोशल मीडिया तक टीआई के रवैये की निंदा की जानी लगी थी. इसके अलावा थाना प्रभारी के इस कृत्य से पुलिस अधीक्षक आबिद खान के खिलाफ लोगों की नाराजगी बढ़ रही थी, हालांकि वे लगातार लोगों को समझाइश देते रहे. इसके बाद थाना प्रभारी के इस कृत्य की शिकायत ट्वीट एवं पत्राचार के माध्यम से सीधे मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान, पुलिस मुख्यालय सहित पूर्व मंत्री राजेन्द्र शुक्ला से भी की गई थी, जिसके बाद आईजी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए टीआई को लाइन अटैच कर दिया है. 
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज ट्वीट कर कहा है कि रीवा में पुलिस द्वारा अनुचित ढंग से की गई कार्यवाई की जो तस्वीरें वायरल हो रही हैं उसे गंभीरता से लिया है.  मामले में संज्ञान लेते हुए उक्त घटना में थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार मिश्रा को तत्काल लाईन अटैच कर दिया गया है. 
मुख्यमंत्री के ट्वीट के साथ ही रीवा आईजी चंचल शेखर ने स्पष्ट किया है कि फोटो में जो पुलिसकर्मी दिखाई दे रहे हैं वह रीवा पुलिस अधीक्षक आबिद खान नहीं हैं.  उन्होंने कहा कि लाकडाउन के दौरान भीड़ इकट्ठी होने की सूचना पर कार्यवाई की गई है. उन्होंने कहा कि अनुचित कार्यवाई पर थाना प्रभारी राजकुमार मिश्रा को लाइन अटैच कर दिया गया है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें