पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ द्वारा जारी बयान पर हुजूर विधान सभा से विधायक एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष रामेश्वर शर्मा ने कमलनाथ पर पलटवार करते हुए कहा कि कमलनाथ आज जब पूरा देश एकजुट होकर कोरोना संकट से लड़ रहा है. ऐसे में आप के द्वारा राजनैतिक बयानबाजी करना दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने इस तरह की बयानबाजी के लिए पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पर एफआईआर दर्ज किए जाने की मांग की.
विधायक शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी जिनकी बातों को पूरा देश गंभीरता से नही लेता यदि उनके द्वारा 12 फरवरी को हिदायत दी गई थी तो आपने क्या किया? 20 मार्च को आपके इस्तीफे के दिन तक आपने केवल मुख्य सचिव बनाना, डीजीपी को हटाना, आयोगों का गठन और तबादला उद्योग चलाया. विधायक शर्मा ने कहा कि कमलनाथ कोरोना महामारी को आपने संकट समझा होता तो जमातियों के लिए रेड कार्पेट न बिछवाते, बल्कि उन्हें गिरफ्तार कर उनपर कार्रवाई करते जिससे आज प्रदेश कोरोना संक्रमण से नही जूझता. शर्मा ने कहा कि यह अत्यंत ही दुर्भाग्यपूर्ण है कि 20 मार्च तक आपने कोरोना के विषय मे एक भी बैठक नही की किसी कलेक्टर कमिश्नर से कोरोना के विषय मे बात तक नही की.
शर्मा ने कहा कि इस प्रकार की गैर जिम्मेदाराना रवैए के लिए कमलनाथ के विरुद्ध एफआईआर होनी चाहिए. शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शपथ वाले दिन से ही अपने प्राणों की चिंता किए बिना पूरी ताकत के साथ जनता के सहयोग से इस कोरोना संकट से लड़ रहे है और मैं आपको आश्वस्त करना चाहता हूं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनता जनार्दन के साथ सहयोग और आशीर्वाद से देश कोरोना को हराएगा.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें