गुरुवार, 16 अप्रैल 2020

दो आईएएस की दूसरी रिपोर्ट भी पाजिटिव, एफआईआर की उठी मांग


स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख सचिव पल्लवी जैन गोविल और आईएएस जे विजय कुमार की दूसरी कोरोना रिपोर्ट भी पाजिटिव आई है. इसके बाद सोशल मीडिया पर फिर से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी निशाने पर आ गए हैं. सोशल मीडिया पर नाराज लोगों ने आईएएस अधिकारियों पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है.
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में अब तक कोरोना पाजिटिव मामले सामने आए हैं, उनमें सर्वाधिक मामले स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के है. इनमें सबसे पहले स्वास्थ्य महकमें की प्रमुख सचिव पल्लवी जैन और आईएएस जे विजय कुमार की कोरोना पाजिटिव रिपोर्ट आई थी. इसके बाद से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप सा मच गया था. इन अधिकारियों के बाद स्वास्थ्य महकमें के 94 अधिकारियों और कर्मचारियों की रिपोर्ट पाजिटिव आई. इसके बाद राजधानी में 20 पुलिस कर्मी और 20 जमातियों की रिपोर्ट पाजिटिव आई थी. सभी का इलाज अस्पतालों में चल रहा है.
प्रमुख सचिव स्वास्थ्य पल्लवी जैन और आईएएस जे विजय कुमार की दूसरी रिपोर्ट भी अब पाजिटिव आई है. इसके बाद दोनों अधिकारी सोशल मीडिया पर लोगों के निशाने  पर आ गए हैं. सोशल मीडिया पर हर कोई अपनी प्रतिक्रिया देते हुए दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने की मांग कर रहा है. सोशल मीडिया पर कहा जा रहा है कि दो ही अधिकारी जिम्मेदार होते हुए गैर जिम्मेदाराना कार्य कैसे कर सकते हैं. इनके खिलाफ कार्रवाई किया जाना जरुरी है.
गौरतलब है कि दोनों ही अधिकारियों को कोरोना के लक्षण दिखाई देने के बाद भी ये कार्यालय जाते रहे और अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ बैठकें करते रहे.  इतना ही नहीं ये अधिकारी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और राज्यपाल लालजी टंडन के साथ हुई बैठकों में भी शामिल हुए. इसका परिणाम यह हुआ कि आज स्वास्थ्य विभाग के करीब 94 अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिजन कोरोना संक्रमित हुए. इस पूरे मामले को लेकर कांग्रेस नेता बेहद खफा है और वे कह रहे है कि इन अधिकारियों का इलाज आम नागरिक की तरह कराया जाना चाहिए, सरकार इन्हें व्हीव्हीआईपी के रुप में इलाज सुविधा उपलब्ध करा रही है. वहीं प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि वे इस पूरे मामले को लेकर कानूनी सलाह लेंगे और इनके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराएंगे.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें