सोमवार, 27 अप्रैल 2020

स्वास्थ्य कर्मचारियों ने खोला मोर्चा, किया प्रदर्शन


राजधानी भोपाल में सीएमएचओ कार्यालय के सामने स्वास्थ्य कर्मियों ने प्रदर्शन किया. स्वास्थ्य कर्मियों का आरोप है कि उनकी ओवर टाइम ड्यूटी लगाई जा रही है, इसके अलावा उन्होंने ड्यूटी के दौरान सैनिटाइजर और मास्क तक न मिलने का भी गंभीर आरोप लगाया है.
कोरोना वायरस के संक्रमण ने राजधानी भोपाल के जिला अस्पताल जेपी अस्पताल को भी अपनी चपेट में ले लिया है. इस अस्पताल के 5 कर्मचारियों की रिपोर्ट पाजिटिव आई है. इसके अलावा अन्य कर्मचारियों की जांच अभी पेंडिंग है. 5 कर्मचारियों की जांच पाजिटिव आने के बाद यहां पदस्थ कर्मचारियों में भय व्याप्त हो गया है. इसे लेकर अब कर्मचारियों ने अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है.
कर्मचारियों ने अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आज सीएमएचओ कार्यालय पहुंचकर विरोध जताया और प्रदर्शन किया. कर्मचारियों ने कहा कि उनके साथ अन्याय किया जा रहा है.  कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह कौरव का कहना है कि जेपी अस्पताल के हमारे करीब 5 कर्मचारी कोरोना वायरस पाजिटिव हैं,  जो दूसरे कर्मचारी उनके संपर्क में आए थे, उन्हें क्वारंटाइन भी नहीं किया जा रहा है. कुछ कर्मचारियों को क्वारंटाइन गया था पर अधीक्षक ने उन्हें वापस काम पर बुला लिया है.उन्होंने कहा कि, हमें ना तो एन-95 मास्क उपलब्ध कराए गए हैं और ना ही सैनिटाइजर. ऐसी स्थिति में हम काम कैसे करेंगे.कर्मचारियों का कहना है कि, हमें क्वारंटाइन होने के लिखित आदेश दिए जाएं. जो भी कर्मचारी पाजिटिव कर्मचारी के संपर्क में हैं. उन्हें तुरंत क्वारंटाइन किया जाए. हमारे साथ हो रहे अन्याय को रोकें नहीं तो हम काम बंद कर देंगे. उनका कहना है कि स्वास्थ्य कर्मियों के लिए कोई भी सुविधा उपलब्ध नहीं है. अधिकारियों से भी सही जानकारी नहीं मिल पा रही है. इसके अलावा मांगे पूरी न होने पर स्वास्थ्य कर्मियों ने हड़ताल पर जाने की धमकी दी है. स्वास्थ्य कर्मियों ने सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करते हुए प्रदर्शन किया. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें