बुधवार, 10 अप्रैल 2024

बैतूल में अब 7 मई को होगा मतदान, 19 तक भरा जाएगा फार्म

बसपा प्रत्याशी के निधन के चलते स्थगित हुआ था मतदान



भोपाल। चुनाव आयोग ने बैतूल लोकसभा क्षेत्र  पर चुनाव की नई तारीखों की घोषणा कर दी  है। बैतूल लोकसभा में 26 अप्रैल की जगह अब 7 मई को मतदान होगा। 19 अप्रैल तक नॉमिनेशन का समय है और 20 अप्रैल को स्क्रूटनी होगी। 22 अप्रैल को नाम वापसी की तारीख दी गई है।
बसपा प्रत्याशी अशोक भलावी के निधन के चलते तारीखों में बदलाव किया गया है। बैतूल लोकसभा सीट से बसपा प्रत्याशी अशोक भलावी का मंगलवार को निधन हो गया था। बताया जा रहा है कि वे चुनावी दौरे से अपने घर जा रहे थे, इसी दौरान रास्ते में उन्हें दिल का दौरा पड़ गया। आनन-फानन में अस्पताल लाया गया लेकिन डॉक्टरों ने शाम 4 बजकर 16 मिनट पर उन्हें मृत घोषित कर दिया। बैतूल लोकसभा सीट की बात की जाए तो इस सीट से कांग्रेस ने रामू टेकाम को चुनावी मैदान में उतारा है। वहीं भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर दुर्गादास उईके पर भरोसा जताया है। वहीं बहुजन समाज पार्टी ने अशोक भलावी को टिकट दिया था। भलावी के निधन होने से मतदान की तारीख बदली गई है। अब यहां पर बसपा अपने दूसरे प्रत्याशी का नामांकन भरवा सकेगी। इसके लिए 19 अप्रैल की तारीख तय की गई है।
तीसरे चरण के मतदान के लिए 12 अप्रैल से भरे जाएंगे फार्म
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया है कि लोकसभा निर्वाचन - 2024 के तहत मध्यप्रदेश में चार चरणों में लोकसभा चुनाव होने हैं। राजन ने बताया कि तीसरे चरण में मध्यप्रदेश के 9 लोकसभा क्षेत्रों में 12 अप्रैल से नाम निर्देशन पत्र भरे जायेंगे। उन्होंने बताया कि तीसरे चरण में लोकसभा संसदीय मुरैना, भिण्ड (अजा), ग्वालियर, गुना, क्रमांक-5 सागर, विदिशा, भोपाल, राजगढ़ सहित बैतूल (अजजा) लोकसभा क्षेत्र में मतदान कराया जाएगा। तीसरे चरण के लिए निर्वाचन अधिसूचना शुक्रवार, 12 अप्रैल को जारी होगी। प्रत्याशियों द्वारा इसी दिन से नाम निर्देशन पत्र दाखिल किये जाएंगे। नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि शुक्रवार, 19 अप्रैल है। इसके अगले दिन शनिवार, 20 अप्रैल को नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। नाम निर्देशन पत्र भर चुके प्रत्याशी सोमवार, 22 अप्रैल तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। तीसरे चरण के लिए मंगलवार, 7 मई को मतदान होगा। सभी चरणों के मतदान की मतगणना मंगलवार, 4 जून को होगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें