गुरुवार, 11 अप्रैल 2024

खजुराहो में समर्थन को लेकर उलझी सपा

आज होगी बैठक, कांग्रेस के फैसले का भी इंतजार


भोपाल। प्रदेश में खजुराहो संसदीय सीट पर समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी मीरा यादव के नामांकन निरस्त होने के बाद सपा किसे समर्थन देगी इसके लिए कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की एक बैठक कल 12 अप्रैल को खजुराहो में बुलाई गई है। इस बैठक के बाद इंडिया गठबंधन से चर्चा कर सपा अपना फैसला सुनाएगी।
खजुराहो संसदीय सीट पर इंडिया गठबंधन में शामिल सभी दलों के नेताओं की राजधानी भोपाल में एक बैठक हो चुकी है। इस बैठक में खजुराहो में किस दल के प्रत्याशी को समर्थन दिया जाए, इसे लेकर अभी फैसला नहीं हुआ है। माना जा रहा है कि सभी दल जल्द ही इसे लेकर फैसला लेंगे। इसके लिए समाजवादी पार्टी ने भी अभी अपने पत्ते नहीं खोले हैं। समाजवादी पार्टी ने इसे लेकर कल 12 अप्रैल को खजुराहो में एक बैठक बुलाई है। बैठक में उत्तर प्रदेश के नेता भी ष्शामिल हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि कल की बैठक में सपा इस बात का फैसला ले लेगी कि किस दल को अपना समर्थन दिया जाए। सपा के फैसले के बाद कांग्रेस और अन्य दलों के नेताओं से चर्चा कर यह तय हो जाएगा कि इंडिया गठबंधन किसे वहां पर अपना प्रत्याशी बनाएगा। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस भी अभी तक इस मामले में कोई फैसला नहीं ले पाई है। हालांकि, पूर्व में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने फारवर्ड ब्लॉक प्रत्याशी राजा भैया प्रजापति को कांग्रेस के समर्थन का आश्वासन दिया था।
गौरतलब है कि इंडिया गठबंधन में सीटों पर हुए तालमेल के बाद कांग्रेस ने खजुराहो लोकसभा सीट सपा के लिए छोड़ी थी। समाजवादी पार्टी ने यहां से मीरा यादव को अपना अधिकृत उम्मीदवार बनाया था, लेकिन उनका नामांकन रद्द होने के बाद चर्चा चल पड़ी कि भाजपा खजुराहो लोकसभा सीट पर अपने प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा के निर्विरोध निर्वाचन की के लिए कवायद कर रही है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें