बुधवार, 17 अप्रैल 2024

नाराज देवाशीष जरारिया ने दिया कांग्रेस से इस्तीफा


कहा कांग्रेस ने मेरी कर दी राजनीतिक हत्या

भोपाल। मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज है। इसी बीच कांग्रेस  की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है। यहां पार्टी के नेता लगातार पार्टी छोड़ भाजपा में शामिल हो रहे हैं। इसी कड़ी में एक बार फिर कांग्रेस को झटका लगा है। पार्टी के युवा दलित चेहरे देवाशीष जरारिया ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मेरी राजनीतिक हत्या कर दी है। 

साल 2019 में भिंड-दतिया लोकसभा सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी रहे देवाशीष जरारिया ने कांग्रेस पार्टी से आज इस्तीफा दे दिया। देवाशीष जरारिया को पार्टी के युवा दलित नेता के रुप में देखा जाता था। वहीं पार्टी छोड़ने के बाद देवाशीष जरारिया ने कई गंभीर आरोप लगाएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में नेताओं ने मेरे राजनीतिक हत्या करने की जिम्मेदारी ले रखी है। कांग्रेस ने मुझे दूध में मक्खी की तरह निकाल कर फेंक दिया। उन्होंने कहा, पार्टी 5 साल से वादा कर रही थी की भिंड से लोकसभा का टिकट मुझे दिया जाएगा। लेकिन समय आने पर पलट गए। उन्होंने कहा मैंने दिन-रात मेहनत की लेकिन गुटबाजी करके कांग्रेस ने कांग्रेस को ही निपटा दिया। कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा, इस पार्टी में जो भीतर घाट करता है उसी को सबसे ज्यादा पूछा जाता है जो मेरे चरित्र में नहीं है। पार्टी ओबीसी और महिलाओं की तो बात करती है लेकिन टिकट नहीं देती। बता दें कि, इस बार पार्टी ने देवाशीष की जगह भांडेर विधायक फूल सिंह बरैया को भिंड से लोकसभा का प्रत्याशी बनाया है। इसके बाद से ही देवाशीष नाराज चल रहे थे।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें