सोमवार, 29 अप्रैल 2024

कांग्रेस के 75 साल के काम गिनाए कमलनाथ ने

भोपाल। भाजपा द्वारा लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस से पूछे जा रहे 75
साल के कामों को लेकर सवालों का आज पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने जवाब दिया है। उन्होंने भाजपा को यह बताया कि कांग्रेस ने 75 साल में क्या किया।

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि आजादी के समय यानी 1947 में भारत में साक्षरता की दर 18 फीसदी थी जो वर्ष 2023 में बढ़कर 77.7 फीसदी हो चुकी है। आजादी के समय देश में 27 विश्वविद्यालय थे, आज इनकी संख्या 1100 से अधिक है।  उन्होंने कहा कि आजादी के समय भारत में गिने चुने इंजीनियरिंग कॉलेज थे, लेकिन आज भारत में दुनिया के सबसे अधिक प्रशिक्षित इंजीनियर तैयार होते हैं। पंडित नेहरू के समय में स्थापित किए गए आईआईटी आज भी भारत के सर्वश्रेष्ठ और दुनिया के सबसे बेहतरीन इंजीनियरिंग कॉलेज में शामिल हैं। आजादी के तुरंत बाद पंडित जवाहरलाल नेहरू ने एम्स की स्थापना की। आज भी एम्स भारत का सर्वश्रेष्ठ चिकित्सा संस्थान है। आज दुनिया के सर्वश्रेष्ठ डॉक्टर भारत में तैयार होते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने इसरो की स्थापना की ताकि अंतरिक्ष की दुनिया में भारत अपना मुकाम हासिल करे। आज इसरो भारत ही नहीं, दूसरे देशों के लिए भी सैटेलाइट लॉन्च करता है।
70 फीसदी किसानों को बनाया जमीन का मालिक
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित नेहरू के समय में कांग्रेस ने जमींदारी प्रथा का उन्मूलन कर देश के 70 फीसदी किसानों को उनकी जमीन का मालिक बनाया। आजादी से पहले देश में ज्यादातर जमीन असिंचित थी, पंडित नेहरू और लाल बहादुर शास्त्री के कार्यकाल में कांग्रेस पार्टी ने बड़े पैमाने पर बांध और नहरें बनाकर पूरे देश में जमीन को सिंचित किया। इसे हरित क्रांति कहते हैं। इंदिरा गांधी के प्रधानमंत्री कार्यकाल में किसानों को फसल का उचित मूल्य देने के लिए एमएसपी का प्रावधान किया गया। राजीव गांधी के प्रधानमंत्री कार्यकाल में पंचायती राज व्यवस्था शुरू की गई। नरसिंह राव के कार्यकाल में इसे और मजबूत किया गया। डॉ मनमोहन सिंह के कार्यकाल में देश के किसानों का बड़े पैमाने पर कर्ज माफ किया गया। इसी कार्यकाल में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क और मनरेगा जैसी योजनाओं से गांव को मजबूत किया गया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें