शनिवार, 6 अप्रैल 2024

कांग्रेस ने खंडवा, ग्वालियर, मुरैना में घोषित किए प्रत्याशी

भोपाल। कांग्रेस ने आज प्रदेश में प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी कर तीन स्थानों खंडवा, मुरैना और ग्वालियर के लिए प्रत्याशी घोषित कर दिए। लंबे मंथन के बाद ये तीनों स्थानों पर
प्रत्याशी घोषित किए गए हैं।

कांग्रेस द्वारा जारी की सूची के अनुसार ग्वालियर से कांग्रेस ने प्रवीण पाठक, मुरैना से सत्यपाल सिंह सिकरवार और खंडवा से नरेंद्र पटेल को अपना उम्मीदवार बनाया है। इसके साथ ही कांग्रेस ने प्रदेश की सभी 28 सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर दिये हैं। एक सीट खजुराहो गठबंधन के तहत समाजवादी पार्टी को दी गई थी, मगर इस सीट पर सपा प्रत्याशी मीरा यादव का नामांकन निरस्त कर दिया गया है। इसके चलते अब प्रदेश में कांग्रेस का मुकाबला 28 सीटों पर सीधा भाजपा से हो गया हैं। ग्वालियर में अब प्रवीण पाठक मैदान में हैं। प्रवीण पाठक कांग्रेस के पूर्व विधायक रहे हैं, उन्होंने 2023 के चुनाव में भी किस्मत आजमाई थी, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। उन्हें भाजपा के नारायण सिंह कुशवाहा ने उन्हें ग्वालियर दक्षिण सीट पर 2536 वोटों से हराया था। वहीं पार्टी द्वारा मुरैना से घोषित किये गए प्रत्याशी सत्यपाल सिंह सिकरवार पहले भाजपा में थे। उन्हें पार्टी के आदेश का पालन न करने के कारण 2020 में निष्कासित कर दिया था। इनकी भाभी शोभा सिकरवार ग्वालियर से कांग्रेस की महापौर हैं।
इसी तरह खंडवा में नरेंद्र पटेल को कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार बनाया है। नरेंद्र पटेल मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री हैं। उन्हें बड़वाह विधानसभा सीट से कांग्रेस ने 2023 चुनाव में टिकट दिया था, लेकिन भाजपा के सचिन बिड़ला के हाथों उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा था। वह पूर्व सांसद, पूर्व विधायक स्वर्गीय ताराचंद पटेल के भतीजे हैं। इस सीट पर रेवा गुर्जर समाज में पटेल परिवार का प्रभाव रहा। बताया जाता है कि नरेंद्र का नाम पूर्व सांसद अरुण यादव ने ही आगे बढ़ाया था, लेकिन यादव के प्रस्ताव को पार्टी ने नकार दिया था। इसके बाद उनकी ओर से सुनीता सकरगाए का नाम आगे बढ़ाया गया, लेकिन बाद में नरेंद्र पटेल पर शीर्ष नेतृत्व ने सहमति दी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें