शुक्रवार, 12 अप्रैल 2024

कांग्रेस को फिर लगा झटका, छिंदवाड़ा जिला पंचायत उपाध्यक्ष भी हुए भाजपाई

पूर्व विधायक पारूल साहू ने भी ली भाजपा की सदस्यता


भोपाल। कांग्रेस को आज फिर करारा झटका लगा है। छिंदवाड़ा से जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित सक्सेना, सुरखी की पूर्व विधायक पारूल साहू ने आज कांग्रेस छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। इनके अलावा कई अन्य कांग्रेस नेताओं ने पार्टी की सदस्यता ली है। सभी को मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ने अंगवस्त्र पहनाकर भाजपा की सदस्यता दिलाई।
भाजपा के प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा की न्यू जॉइनिंग कमेटी के संयोजक नरोत्तम मिश्रा समेत अन्य नेता मौजूद थे। छिंदवाड़ा के जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित सक्सेना, पूर्व विधायक पारूल साहू के साथ शासकीय महाविद्यालय छिंदवाड़ा पूर्व अध्यक्ष शाहिद खान सहित सरपंच, सरपंच प्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पार्टी की सदस्यता ली। इनके अलावा कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री शेर सिंह यादव, डॉ. प्रतिभा राजगोपाल भी भाजपा में शामिल हो गई हैं। इनके अलावा जनपद सदस्य गैरतगंज रिजवान खान, जनपद सदस्य बेगमगंज वीरेन्द्र सिंह यादव, जनपद सदस्य गैरतगंज दीपक धाकड़, जनपद सदस्य बेगमगंज सुरेश, देवेंद्र, पूर्व प्रदेश प्रतिनिधि कांग्रेस कमेटी वीरेंद्र सिंह यादव, मध्यप्रदेश पुलिस कर्मचारी संघ प्रदेश अध्यक्ष बल्लू यादव, यादव महासभा प्रदेश उपाध्यक्ष शेर सिंह यादव, रायसेन पसमांदा मुस्लिम समाज जिलाध्यक्ष अफरोज अली, वरिष्ठ पत्रकार कृष्णा यादव बिट्टू, बेगमगंज युवा कांग्रेस ब्लॉक पूर्व अध्यक्ष संदीप यादव ने भाजपा की सदस्यता ली। मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर सभी का स्वागत किया।
मंदिर का विरोध और दुआ का दोहरा चरित्र नहीं चलेगा
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से चर्चा में कहा कि मंदिर का विरोध और दुआ, दोहरा चरित्र नहीं चलेगा। कांग्रेस के साथी भाजपा में शामिल होकर गर्व महसूस कर रहे हैं। हमने सभी के मान सम्मान रखने का आश्वासन दिया है। आज पूर्व विधायक पारूल साहू, शेर सिंह यादव, अमित सक्सेना जैसे कई कांग्रेसियों ने पार्टी छोड़कर भाजपा की सदस्यता ली है। ऐसे खाटी नेता जिन्होंने देश सेवा के लिए कांग्रेस ज्वाइन की थी, लेकिन मन में हताशा, निराशा है। उन्होंने कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह को लेकर कहा कि ’अब तो अति हो गई... भगवान राम के मंदिर का विरोध करते हैं.. दूसरी तरफ दुआ करते हैं। दोहरा चरित्र नहीं चलेगा, एक लाइन कुछ भी पकड़ लो... जिस ढंग से कल नोट पकड़ाए हैं, डरा-धमका रहे हैं। वो खुद भी डर के मारे 400-400 उम्मीदवार की बात कर रहे हैं। इसका मतलब केवल बहाना बनाकर, हार से बचने का रास्ता तलाश रहे हैं। उन्हें जनता माफ नहीं करेगी। इस बार निश्चित रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी तीसरी बार सरकार बना रहे हैं।
रायसेन जिला अध्यक्ष ने दिया इस्तीफा
रायसेन की कांग्रेस जिला अध्यक्ष मुमताज खान ने पद से इस्तीफा दे दिया है। आज सुबह ही उनके खेमे के प्रदेश सचिव संदीप मालवीय ने 24 से ज्यादा कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस छोड़ भाजपा की सदस्यता ली थी। वहीं आज ही कांग्रेस प्रत्याशी प्रतापभानु शर्मा ने विदिशा सीट से नामांकन जमा किया है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें