शनिवार, 6 अप्रैल 2024
दिग्विजय के करीबी पूर्व विधायक ने ली भाजपा की सदस्यता
भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बाद अब भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को झटका दिया है। सिंह के करीबी पूर्व विधायक रामलाल मालवीय ने आज भाजपा की सदस्यता ले ली है। मालवीय पूर्व मुख्यमंत्री सिंह के करीबी माने जाते हैं।
उज्जैन जिले के घट्टिया विधानसभा सीट से पूर्व विधायक रामलाल मालवीय ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा की सदस्यता ले ली। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की उपस्थिति में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ली। पार्टी की सदस्यता लेते हुए मालवीय ने कहा कि भाजपा सरकार के विकास से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हुआ हूं। रामलाल मालवीय को दिग्विजय सिंह का करीबी माना जाता था। वे तीन बार विधायक भी रह चुके हैं। मालवीय के साथ 3 दर्जन से अधिक नेताओं ने कांग्रेस छोड़ भाजपा की सदस्यता ले ली है। गौरतलब है कि इसके पहले 5 अप्रैल की रात को पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के करीबी दीपक सक्सेना ने भाजपा की सदस्यता ली है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उन्हें सदस्यता दिलाई। दीपक सक्सेना पहले ही कांग्रेस की सदस्यता से इस्तीफा दे चुके थे। उनके बेटे अजय सक्सेना भी पहले ही भाजपा में शामिल हो गए थे।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश कार्यालय में फहराया भाजपा का झंडा
भाजपा के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में प्रदेश भाजपा कार्यलय में कार्यक्रम हुआ। सुबह मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पार्टी का ध्वज फहराया और दीनदयाल उपाध्याय व डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर पुष्प चढ़ाकर श्रद्धांजली दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने देश को दुराचार में डाल दिया था। भाजपा जनकल्याणकारी काम कर रही है। कांग्रेस ने संतों का सम्मान कभी नहीं किया, हमने संत को राज्यसभा पहुंचाया। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दुनिया भारत की तरफ देख रही है। सरकार चलाने में संवेदनशीलता होती है। सरकार गरीबों के खिलाफ कोई भी काम कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें