भोपाल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आज भाजपा पर बड़ा हमला बोला है। पटवारी ने आरोप लगाया कि डा मोहन यादव तो पर्ची वाले मुख्यमंत्री हैं, वास्तविकता तो यह है कि व्यापमं घोटाले के आरोपी पीछे से सरकार चला रहे हैं। पटवारी ने रोजगार के मुद्दे पर प्रधानमंत्री को लेकर कहा कि प्रधानमंत्री ने जो वादा किया उसे निभाया नहीं है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रधानमंत्री मोदी पर देश की जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार से संबंधित 265 मुकदमे दर्ज है। इसमें से 60 भाजपा सरकार ने वापस ले लिए हैं। प्रधानमंत्री भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ना चाहते हैं, तो जनता को बताएं कि व्यापमं का मूल दोषी कौन था। आज तक न दोषी का पता चला और न किसी को सजा हुई। पटवारी ने कहा कि हालात ये है कि व्यापम के मुख्य आरोपी सुधीर शर्मा, अश्विन नाथू, निखिल गुप्ता पीछे से कैसे सरकार चला रहा है। प्रधानमंत्री को इन बातों का जवाब देना चाहिए।
पटवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 5 गारंटी दी थी, पर अभी तक ये गारंटी पूरी नहीं हुई। प्रदेश में किसानों को 2700 गेहूं का दाम और 3100 रुपए धान का दाम क्यों नहीं मिल रहा है? लाडली बहना को 3000 देने की बात की थी और अब तक राशि क्यों नहीं दी गई। पटवारी ने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश में सबसे ज्यादा अत्याचार आदिवासियों पर होता है, लेकिन कभी किसी को इंसाफ नहीं मिलता है। उन्होंने कहा कि इस वक्त एक करोड़ 30 लाख बच्चे बेरोजगार हैं। भाजपा ने 10 साल पहले 2 करोड़ रोजगार हर साल देने की बात की थी। लिहाजा, प्रधानमंत्री को ये बताना चाहिए कि उनके इन वादों का क्या हुआ।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें