बुधवार, 10 अप्रैल 2024

कांग्रेस ने दी 25 गारंटी, कहा हाथ बदलेगा हालात

प्रदेश कांग्रेस ने पार्टी जारी किया न्याय पत्र


भोपाल। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में पार्टी के शीर्ष नेताओं ने कांग्रेस का गारंटी कार्ड न्याय पत्र जारी किया, इसमें कांग्रेस ने ये 5 गारंटी हर प्रदेशवासी को दी हैं। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि पार्टी ने जनता को देने के लिए युवा, नारी, किसान, श्रमिक और हिस्सेदारी के लिए न्याय पत्र बनाया है और इसमें 25 गारंटियां भी दी हैं। इस गारंटी कार्ड का शीर्षक रखा गया है, हाथ बदलेगा हालात।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि इस समय प्रदेश की सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी है। कांग्रेस सत्ता में आई तो ग्रेजुएट विद्यार्थी को एक लाख रुपए देंगे। इसके लिए युवा रोशनी योजना के तहत 5 हजार करोड़ का फंड होगा। नए स्टार्टअप को भी इसी से वित्तीय मदद देंगे। पटवारी ने आरोप लगाया कि एमपी में पेपरलीक में रिकॉर्ड बना था और प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ी हुई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आते ही इस पर रोक लगाएगी। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने जातिगत आधार पर जनगणना कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि केंद्र ने 2021 की जनगणना का कोई आंकड़ा देश के सामने पेश नहीं किया। वहीं  राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने भाजपा की सरकार पर कश्मीर में चुनाव न कराने के लिए पक्षपात का आरोप लगाया। जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने सत्ता में आने पर 3100 रूपए क्विंटल में धान खरीदी और 2700 रुपए क्विंटल में गेहूं खरीदी की गारंटी का दावा किया। इसके साथ ही किसानों की कर्जमाफी फिर से की जाएगी।
सौ दिन संसद चलाने की गारंटी
राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने संवैधानिक न्याय के वादे गिनवाए। उन्होंने कहा कि यह बड़े दुख की बात है कि भारत की संवैधानिक प्रक्रिया एक तरफ है। किसी को निलंबित कर दिया जाता है। संसद चल नहीं पाती है। विपक्ष के लिए कोई जगह नहीं है। कम से कम 100 दिन पार्लियामेंट चलाने की गारंटी दी गई है। हफ्ते में कम से कम एक दिन विपक्ष को अपने मुद्दे पर बात करने की स्वतंत्रता दी जाएगी। कांग्रेस के नए पत्र में मीडिया की स्वतंत्रता की गारंटी है।
प्रेस कांफ्रेंस में नहीं पहुंचे कमलनाथ
प्रदेश कांग्रेस ने प्रदेश कार्यालय भोपाल में न्याय पत्र 2024 को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा, अरुण यादव, उमर सिंघार और महिला कांग्रेस की अध्यक्ष विभा पटेल मौजूद रही। हैरान करने वाली बात यह रही कि इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ दिखाई नहीं दिए। सियासी गलियारों में चर्चा है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का पद जाने के बाद से ही कमलनाथ ने प्रदेश कांग्रेस से दूरी बना ली है। इसे लेकर कई मायने भी निकाले जा रहे हैं। हालांकि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने उनके ना पहुंचने को लेकर कहा कि वे क्षेत्र में कार्यक्रमों की व्यस्तता के चलते नहीं आए हैं।
कांग्रेस के न्याय पत्र के मुख्य बिन्दु
युवा न्याय - हर शिक्षित युवा की पहली नौकरी पक्की, एक लाख तक वेतन, हर शिक्षित युवा को भर्ती की भरोसा, पेपर लीक से मुक्ति, गिग-वर्कर सुरक्षा, युवा रोशनी के तहत 5000 करोड़ का फंड।
किसान न्याय - किसानों की कर्ज माफी, एमएसपी की गारंटी स्वामीनाथन फार्मूला के अनुसार, बीमा का पैसा 30 दिनों में होगा ट्रांसफर,किसानों की जरूरत ही हर चीज से हटेगा जीएसटी।
नारी न्याय - महालक्ष्मी य़ोजना के तहत हर गरीब परिवार की महिला को 1 लाख रूपए साल, नौकरियों में 50 फीसदी महिला आरक्षण, आशा, आंगनबाड़ी, की सैलरी बढ़ेगी, कामकाजी महिलाओं के लिए दोगुने होंगे वर्किंग हॉस्टल, हर पंचायत में सराकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए एक अधिकार- सहेली की नियुक्ति।
श्रमिक न्याय - मनरेगा समेत हर मजदूर को मिलेगी कम से कम 400 रूपए रोज मजदूरी, 25 लाख तक का हेल्थ बीमा, जांच से इलाज तक सब फ्री, शहरों के लिए मनरेगी जैसी योजना, कांट्रेक्ट सिस्टम मजदूरी पर लगेगा प्रतिबंध।
हिस्सेदारी न्याय - सामाजिक और आर्थिक समानता के लिए जातिगत जनगणना, 50 फीसदी आरक्षण की लिमिट को हटाकर एससी, एसटी, ओबीसी को पूरा हक, जनसंख्या के अनुपात में बजट, वनाधिकार के पट्टों पर एक साल में फैसला, आदिवासी अंचलों में पेसा एक्ट होगा लागू।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें