भोपाल। प्रदेश में पहले चरण के जिन छह संसदीय सीटों पर मतदान होना है उनमें भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों ने नई पीढ़ी पर चुनाव प्रचार अभियान को गति देने पर भरोसा जताया है। भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री डा मोहन यादव और कांग्रेस की ओर से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कमान संभाली है। दोनों ही नेता लगातार चुनाव प्रचार में जुटे हैं।प्रदेश में लोकसभा की छह सीटों पर पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान होना है। इनमें जबलपुर, छिंदवाड़ा, बालाघाट, मंडला, सीधी और शहडोल संसदीय सीट में 17 अप्रैल को शाम 5 बजे चुनाव प्रचार का शोर थम जाएगा। हालांकि, महाकौशल और विंध्य इलाके की इन 6 सीटों पर चुनाव प्रचार के लिए भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और कांग्रेस की ओर से पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी अपनी रैलियां कर चुके हैं। लेकिन, चुनावी लड़ाई का असल मोर्चा मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने संभाल रखा है। दोनों नेता अभी तक 40 से अधिक विधानसभा सीटों पर रैलियां या रोड शो कर चुके हैं।
गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव के दौरान दोनों ही दलों के दिग्गजों शिवराज सिंह चौहान, कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, ज्योतिरादित्य सिंधिया, नरेंद्र सिंह तोमर और कांतिलाल भूरिया इस बार सिर्फ अपने प्रभाव वाले क्षेत्रों में अपने और अपने समर्थकों के लिए सिमट कर रह गए हैं। शिवराज सिंह चौहान, दिग्विजय सिंह और ज्योतिरादित्य सिंधिया जहां खुद लोकसभा का चुनाव लड़ रहे हैं, वहीं छिंदवाड़ा में कमलनाथ अपने पुत्र नकुल नाथ को जीत दिलाने के लिए पसीना बहा रहे हैं। इसके चलते भी भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों को नई पीढ़ी पर चुनाव प्रचार का भरोसा जताना पढ़ रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें