शनिवार, 6 अप्रैल 2024

इंडिया गठबंधन की बैठक, एकजुट होकर चुनाव लड़ने पर बनी सहमति

पन्ना निर्वाचन अधिकारी कर रहे भाजपा का एजेंट बनकर कार्य



भोपाल। राजधानी भोपाल में आज शनिवार को इंडिया गठबंधन की महत्वपूर्ण बैठक कांग्रेस कार्यालय में हुई। इसमें सभी दलों के नेताओं को बुलाया गया। सपा के साथ ही आम आदमी पार्टी बैठक में शामिल हुई। सभी ने लोकसभा चुनाव एकजुट होकर लड़ने पर सहमति जताई है। बैठक में खजुराहो में सपा प्रत्याशी के नामांकन खारिज किए जाने का मुद्दा भी उठा। इसे लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि पन्ना कलेक्टर को भाजपा के एजेंट बनकर कार्य कर रहे हैं।
इंडिया गठबंधन की बैठक में मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी, आम आदमी पार्टी की प्रदेशाध्यक्ष रानी अग्रवाल, समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ.मनोज यादव, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव जसविंदर सिंह, शैलेन्द्र शैली, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव अरविंद श्रीवास्तव, समानता दल के प्रदेश अध्यक्ष महेश कुशवाहा और इंडिया डेमोक्रिटिक पार्टी के अध्यक्ष अजय सिंह एनसीपी (शरद पंवार) के अध्यक्ष राजू भटनागर, राजद के प्रदेश अध्यक्ष मोनू यादव शामिल हुए। बैठक के बाद संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में जीतू पटवारी ने कहा कि जिस तरह राष्ट्रीय स्तर पर इंडिया गठबंधन बना है। आमजन के अधिकारों की रक्षा करने के लिए यह गठबंधन बना है। लोकसभा चुनाव के चलते चुनाव के बीच आर्थिक प्रतिबंध लगाना, लोकतंत्र के लिए घातक है। बैठक में लोकसभा चुनाव के लिए आगे की कार्यप्रणाली के साथ ही कई पहलुओं पर की चर्चा की गई। खजुराहो सीट से सपा प्रत्याशी मीरा यादव का नामांकन निरस्त होने पर जीतू पटवारी ने कहा कि ये निर्वाचन अधिकारी का दायित्व होता है कि फॉर्म में कोई कमी हो तो उसे पूरा करवाते। देश में यदि लोकतंत्र को बचाना है तो भाजपा को हराना ही पड़ेगा।
घोषणाओं   को पूरा कराने उठाएंगे आवाज
उन्होंने कहा कि बैठक में भाजपा सरकार के खिलाफ लड़ने को लेकर आरोप पत्र भी तय किया गया है। इसमें भाजपा की चुनाव से पहले की गई घोषणाओं को पूरा कराने के लिए आवाज उठाई जाएगी। पटवारी ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार तानाशाही कर रही है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनकी बात नहीं सुनी तो उनको जेल भेज दिया गया। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि जिनके ऊपर गंभीर आरोप लगाए जाते है, उनके भाजपा में शामिल होने के बाद जांच ही समाप्त हो जाती है। उनको क्लीन चिट भी मिल जाती है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें