फारवर्ड ब्लाक के उम्मीदवार को दे सकते हैं समर्थन
भोपाल। खजुराहो संसदीय सीट पर इंडिया गठबंधन की प्रत्याशी मीरा यादव का नामांकन रद्द होने के बाद गठबंधन के सभी दलों ने साफ कर दिया है कि यहां पर गठबंधन के किसी दल के नेता को समर्थन देंगे। मतलब साफ है कि खजुराहो में गठबंधन से जुड़े दल भाजपा प्रत्याशी को वॉकओवर नहीं देंगे। इसके चलते आज फारवर्ड ब्लॉक के प्रत्याशी आर बी प्रजापति ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी से मुलाकात भी की है।
खजुराहो संसदीय सीट पर इंडिया गठबंधन की प्रत्याशी मीरा यादव के नामांकन रद्द होने के बाद ष्शनिवार को गठबंधन के सभी दलों की बैठक कांग्रेस कार्यालय में हुई थी। इस बैठक में तय हो गया था कि खजुराहो में वॉकओवर देने के बजाए किसी दल के प्रत्याशी का समर्थन किया जाए। इसके चलते आज फारवर्ड ब्लाक के प्रत्याशी आरबी प्रजापति ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी से मुलाकात की है। माना जा रहा है कि पटवारी सभी दलों से चर्चा कर प्रजापति का समर्थन करने की बात कहेंगे। प्रजापति ने जीतू पटवारी को भाजपा द्वारा लगातार धमकाए जाने की शिकायत की कॉपी सौंपी। उधर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने चुनाव आयोग से मांग की है कि खजुराहो में सभी प्रत्याशियों को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। पटवारी ने कहा कि सभी दल मिलकर खजुराहो में नए चेहरे को अपना समर्थन देंगे।
फार्म वापस लेने डाला जा रहा दबाव
खजुराहो से ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के प्रत्याशी पूर्व आईएएस, आरबी प्रजापति (राजा भैया) ने मुख्य चुनाव आयुक्त को शिकायत कर कहा कि 5 अप्रैल को राम विशाल बाजपेयी ने मुझे दोपहर 1.36 बजे अपने मोबाइल नंबर 9754427020 से मेरे मोबाइल नंबर 9752068493 पर फोन किया और 16 मिनट 04 सेकंड बात कर पर्चा वापस लेने को कहा। उन्होंने खजुराहो लोस से उम्मीदवारी और किसी भी बोर्ड या निगम से अध्यक्ष पद की पेशकश की। बाजपेयी भाजपा कार्यकर्ता हैं। दोपहर 1.55 बजे भाजपा नेता राजा द्विवेदी ने नंबर 9617488948 से फोन किया, उन्होंने भी वही बात की। 2.26 बजे अमित बाजपेयी उपाध्यक्ष, जपं ने 9753574342 नंबर से फोन किया और उम्मीदवारी वापस लेने का दबाव डाला। राजा भैया ने कहा मेरे साथ कोई अप्रिय घटना भी घट सकती है। आयोग को की शिकायत को लेकर फारवर्ड ब्लॉक के प्रत्याशी आरबी प्रजापति और प्रदेश अध्यक्ष जंग बहादुर ने बताया है कि उन्हें भाजपा नेताओं द्वारा फोन करके धमकाया जा रहा है। उन्हें प्रलोभन दिया जा रहा है कि मैदान से हट जाओ। जीतू पटवारी ने चुनाव आयोग से मांग की है कि खजुराहो में सभी प्रत्याशियों को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें