गुरुवार, 18 जुलाई 2019

स्मार्ट फोन योजना पर हंगामा, हुई तीखी नोंक-झोंक

हंगामें के चलते नहीं हुआ प्रश्नकाल

 मध्यप्रदेश विधानसभा में आज  भारतीय जनता पार्टी सरकार की विद्यार्थियों को स्मार्टफोन वितरण योजना को लेकर भाजपा विधायकों ने जमकर हंगामा किया. इस दौरान भाजपा और कांग्रेस विधायकों के बीच कई बार तीखी नोंक-झोंक तक हुई. इसके चलते दो बार सदन की कार्यवाही को स्थगित करना पड़ा. इस कारण प्रश्नकाल भी नहीं चल सका.  
 प्रश्नकाल में भारतीय जनता पार्टी विधायक चैतन्य कश्यप ने उच्च शिक्षा मंत्री जीतू पटवारी से इस योजना के क्रियांवयन के संबंध में पूछा. उन्होंने कहा कि प्राचार्यों के बीच इस योजना को लेकर असमंजस है और शासन का इस योजना को जारी रखने के बारे में क्या स्पष्ट मत है. मंत्री पटवारी ने कहा कि ये योजना विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़े रखने की थी, लेकिन मौजूदा सरकार का मत है कि 2100 या 2200 रुपए की राशि में किस गुणवत्ता का स्मार्टफोन आ पाता होगा. उन्होंने कहा कि शासन किसी अच्छी योजना के बारे में विचार कर रहा है. मंत्री ने यह भी कहा कि समय-समय पर कई अखबारों ने वितरित स्मार्टफोन की गुणवत्ता पर सवाल उठाए. विभाग ने इन पर संज्ञान लिया है और अब इसकी जांच कराई जा रही है.
मंत्री के जवाब से असंतुष्ट प्रश्नकर्ता विधायक ने कहा कि सरकार इस योजना को जारी रखने के बारे में स्थिति स्पष्ट करे. इस पर पटवारी ने आरोप लगाया कि ये योजना पूर्ववर्ती सरकार में राजनीतिक लाभ के लिए शुरू की गई थी. मंत्री के इस जवाब पर नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने कहा कि सरकार योजना को जारी रखे जाने के संबंध में हां या ना में उत्तर दे. इसी दौरान  भार्गव और मंत्री  पटवारी में तीखी नोंक-झोंक भी हो गई. मंत्री  पटवारी ने कहा कि उन्हें बाध्य नहीं किया जा सकता.  इस दौरान  पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया. शोरगुल और हंगामे के कारण विधानसभा अध्यक्ष नर्मदा प्रसाद प्रजापति ने सदन की कार्यवाही पांच मिनट के लिए स्थगित कर दी. सदन के समवेत होने पर नेता प्रतिपक्ष  भार्गव ने दोबारा ये मामला उठाते हुए कहा कि सरकार की ओर से प्रश्नों के उत्तर नहीं आ रहे. 
इस पर विधानसभा अध्यक्ष प्रजापति ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष पूरे सदन को उद्वेलित कर रहे हैं और शेष विधायकों के प्रश्न नहीं आ पा रहे हैं. इस दौरान भी पक्ष-विपक्ष का हंगामा लगातार जारी रहा. लगातार शोरगुल के बीच सदन की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई. इसके चलते सदन में आज लगातार दूसरे दिन प्रश्नकाल नहीं हो सका.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें