समर्थकों की बुलाई सूची, जल्द होगी कार्रवाईनगर निगम अधिकारी की क्रिकेट के बैट से पिटाई करने वाले भाजपा विधायक आकाश विजयवर्गीय को भाजपा अनुशासन समिति ने नोटिस जारी कर दिया है. आकाश को इसका जवाब 15 दिनों में देना है.
इंदौर क्रमांक 3 विधानसभा क्षेत्र के विधायक और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के बेटे आकाश विजयर्गीय को आज भाजपा की अनुशासन समिति ने नोटिस जारी कर नगर निगम अधिकारी के साथ क्रिकेट बैट से हुई मारपीट मामले में जवाब मांगा है. आकाश के जेल से छूटने पर जश्न मनाने और उनका समर्थन करने वालों की भी जानकारी राष्ट्रीय नेतृत्व में मांगी है. सूत्रों की माने तो इस मामले में भाजपा आकाश के समर्थकों पर भी जल्द ही कार्रवाई करने वाली है.
यहां उल्लेखनीय है कि आकाश ने निगम अफसरों की बैट से पिटाई की थी. निगम अमला इंदौर में एक जर्जर मकान को गिराने पहुंचा था. आकाश निगम के इस कार्रवाई का विरोध कर रहे थे, लेकिन निगम के अफसर आकाश की नहीं सुने तो वे उग्र हो गए और बल्ले से अफसरों की पिटाई कर दी. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद सूबे से लेकर दिल्ली की सियासत तक में भाजपा की छवि खराब होती गई.
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जताई थी नाराजगी
इस घटना को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गंभीरता से लिया था. भाजपा संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने बिना नाम लिए घटना पर नाराजगी जताई थी. उन्होंने कहा था कि राजनीति में अनुशासन होना चाहिए. दुर्व्यवहार करने वाले लोगों को पार्टी से बाहर कर देना चाहिए. ऐसा बर्ताव अस्वीकार्य है. उन्होंने यह भी कहा कि ऐसा करने वाले लोग भले ही किसी के भी बेटे हों, लेकिन उन्हें मनमानी की इजाजत नहीं दी जा सकती.
जेल में बंद रहे थे आकाश
अधिकारी से मारपीट के मामले में आकाश को 26 जून को पुलिस ने गिरफ्तार किया था. कोर्ट ने उन्हें 11 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में इंदौर जेल भेज दिया था. इसके अगले दिन उन्होंने सत्र न्यायालय में जमानत के लिए अर्जी लगाई थी. यहां से जनप्रतिनिधियों की अदालत में भेजा गया था, जहां से उन्हें जमानत मिली और 30 जून को उन्हें इंदौर जेल सेरिहा किया गया. आकाश की रिहाई के बाद उनके समर्थकों ने पहले जेल के बाहर जमकर नारेबाजी की बाद में शहर में जश्न मनाते हुए हर्ष फायरिंग भी की थी. हर्ष फायरिंग का वीडियो खूब वायरल हुआ था.
परेशान दिखे प्रदेश भाजपा अध्यक्ष
मध्यप्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंंह आज इस पूरे मामले को लेकर परेशान नजर आए. प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचने पर मीडिया से वे बचने का यह कहकर प्रयास करते रहे कि आकाश मामले में जो भी कार्रवाई होगी, वे उन्हें बता देंगे, मगर वे टिप्पणी करने से बचते रहे. प्रदेश कार्यालय में अल्पसंख्यक मोर्चा की बैठक के दौरान भी वे कई बार बैठक से बाहर निकले और कैलाश विजयवर्गीय के अलावा राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल के अलावा गृह मंत्री अमित शाह से फोन पर चर्चा करते रहे. इस दौरान उनके चेहरे पर परेशानी साफ नजर आ रही थी.
नोटिस देकर मोदी का उड़ाया मजाक
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने कहां कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के विधायक पुत्र आकाश विजयवर्गीय की तथाकथित बल्लेबाज कांड पर की गई सख्त टिप्पणी के तीसरे दिन भी भाजपा विधायक आकाश विजयवर्गीय के निलंबन का साहस नहीं जुटा पाई. सिर्फ नोटिस देकर उन्हें बचाने की खानापूर्ति की जा रही है. इसी से समझा जा सकता है कि भाजपा नेतृत्व में आकाश विजयवर्गीय पर कार्यवाही का साहस नहीं है ? सलूजा ने कहा है कि भाजपा ने मारपीट के सारे प्रमाण ,वीडियो होने के बावजूद , मोदी जी की नाराजगी के बावजूद ,विधायक आकाश विजयवर्गीय को निलंबित ना कर ,सिर्फ नोटिस देकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ही मजाक उड़ाया है.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें