उत्तरप्रदेश की एटीएस ने नक्सलियों से संबंध होने के संदेह में मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से एक दंपति को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किए दंपति का नाम मनीष श्रीवास्तव और अनीता श्रीवास्तव है.
एटीएस को पिछले कई दिनों से सूचना मिल रही थी कि नक्सली विचारधारा से जुड़े लोगों द्वारा गतिविधियां की जा रही हैं. इस सूचना की पुष्टि के बाद एटीएस ने मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में चार स्थानों पर कुल 8 व्यक्तियों के पूछताछ की, तलाशी ली और फोन-लैपटाप आदि कब्जे में लिए. इसमें भोपाल के दंपति के अलावा उत्तरप्रदेश में देवरिया में दो और कानपुर में एक जगह एटीएस ने 6 लोगों से पूछताछ की.
एटीएस के मुताबिक दंपति मूलरूप से उत्तरप्रदेश के मछलीशहर, जौनपुर के रहने वाले हैं. ये दोनों अपनी पहचान छिपाकर भोपाल में रह रहे थे. मनीष और उसकी पत्नी ने कई फर्जी दस्तावेज भी बनवाए हैं, जिनका वो लगातार इस्तेमाल भी कर रहे थे. फिलहाल इनकी गिरफ्तारी षड्यंत्र के आरोपों के तहत की गई है और इनकी ट्रांजिट रिमांड भी मांगी जाएगी. बरामद किए गए साहित्यों और डिजिटल उपकरणों की तलाशी के बाद कार्यवाही की जाएगी. एटीएस के अनुसार कानपुर और देवरिया में पूछताछ के बाद छोड़े गए 6 लोगों द्वारा प्रयोग में लाए जा रहे लैपटाप, मोबाइल, पेन ड्राइव आदि का डाटा एक्सट्रैक्शन किया गया है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें