गुरुवार, 25 जुलाई 2019

मुख्यमंत्री ने विपक्ष से मांगा सहयोग


मध्यप्रदेश में गर्माए सियासी माहौल को ठंडा करने की कोशिश आज मुख्यमंत्री कमलनाथ ने की है. उन्होंने ट्वीट के जरिए विपक्ष से सरकार का सहायोग करने की अपेक्षा की है और सकारात्मक राजनीति करने की बात कही है.
राजनीतिक उठापटक के बीच मुख्यमंत्री ने अपने ट्वीट में कहा है कि हम प्रदेश को विकास की दृष्टि से देश में शीर्ष पर ले जाना चाहते है. हम प्रदेश के विकास का एक नया नक़्शा बनाना चाहते हैं प्रदेश हित हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि हम प्रदेश को दलगत राजनीति में बांटना नहीं चाहते हैं. हम विपक्ष से भी शुरू से यही अपेक्षा कर रहे हैं कि वो सकारात्मक राजनीति करें. सकारात्मक राजनीति करते हुए प्रदेश के विकास में हमें सहयोग करें. हमें जनादेश मिला है, विपक्ष उसका सम्मान करे. हम अभी भी विपक्ष से प्रदेश हित में, प्रदेश के विकास के लिए सहयोग की उम्मीद और अपेक्षा करते हैं. मुख्यमंत्री की इस कोशिश  को राज्य में गर्माए राजनीतिक माहौल को ठंडा करने की कोशिश के रुप में देखा जा रहा है.
अधिकारी संवैधानिक कर्तव्य का करें पालन
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के.के. मिश्रा ने आज अधिकारियों से अपील की है. उन्होंने अपील में कहा कि बुधवार को अपने कथित राजनैतिक दंभ से अभिभूत भाजपा को हमारे राष्ट्रीय नेता, प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने अपने राजनैतिक कौशल से जिस तरह धूल-धूसरित किया है, उसके बाद प्रदेश के उन अधिकारियों से प्रदेश की जनता के हित में मेरी विनम्र गुजारिश है कि वे उन भाजपा नेताओं, जो सत्ताच्युत होने के असहनीय दर्द से तड़फड़ा रहे हैं, की भक्ति त्याग अपने संवैधानिक कर्तव्य का पालन करें. मिश्रा ने कहा कि अधिकारी मुख्यमंत्री कमलनाथ की सरकार के प्रगति-विकास व समृद्धि के सपनों को साकार करने हेतु पूरे अंतर्मन से जुट जाएं, भाजपाई कबीलों की तड़फड़ाहट के बाद भी कमलनाथ की लोकोपयोगी सरकार पूरे 5 सालों तक चलकर प्रदेश का वास्तविक कल्याण करेगी.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें