शुक्रवार, 19 जुलाई 2019

मुख्यमंत्री को चेतावनी देने वाले भाजपा के पूर्व विधायक सुरेन्द्र नाथ गिरफ्तार



राजधानी भोपाल में प्रदर्शन के दौरान मांगे नहीं मानने पर खून की बहा देने की चेतावनी देने वाले भाजपा के पूर्व विधायक सुरेन्द्र नाथ सिंह को आज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. सिंह के बयान से नाराज कांग्रेसियों ने आज थाने का घेराव भी किया था. इसके पहले सिंह के खिलाफ बीती रात को पुलिस ने दो एफआईआर दर्ज की थी.
राजधानी के रोशनपुरा चौराहे पर गुरुवार को प्रदर्शन के दौरान भाजपा के पूर्व विधायक सुरेन्द्र नाथ सिंंह ने मांगे पूरी न होने पर हिंसा का रास्ता अपनाने और खून बहाने की चेतावनी दी थी. इस चेतावनी के बाद कांग्रेस ने इस मामले को गंभीरता से लिया. सिंह का यह वीडियो वायरल होने के बाद उनके खिलाफ दो मामलों में थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई. इसके बाद आज सुबह कांग्रेस नेताओं ने टीटी नगर थाने का घेराव कर उनकी गिरफ्तारी की मांग की. कांग्रेस के विरोध के बाद आज पुलिस सक्रिय हुई और दोपहर बाद सुरेन्द्र नाथ सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. 
उल्लेखनीय है कि सिंह ने अपने समर्थकों के साथ गुरुवार को महाराणा प्रताप नगर से गुमठी वालों को हटाने का विरोध किया था. इसके अलावा झुग्गियों में रहने वालों के आए अधिक बिलों का वे विरोध कर रहे थे, इस दौरान वे इतने उत्तेजित हो गए कि उन्होंने सीधे तौर पर मुख्यमंत्री कमलनाथ को चेतावनी दे डाली. सिंह ने प्रदर्शन के दौरान कहा था कि उनकी मांगों को पूरा  नहीं किया गया तो खून बहेगा और यह खून कमलनाथ को होगा.
पूर्व विधायक के बयान से भाजपा ने किया किनारा
 पूर्व भाजपा विधायक सुरेंद्र नाथ सिंह के बयान से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह नाराज है. इसके बाद सुरेंद्र नाथ सिंह के खून खराबे वाले बयान को लेकर भाजपा संगठन जवाब तलब कर सकता है. उल्लेनीय है कि गुरुवार को अपने समर्थकों के साथ विधानसभा घेराव करने पहुंचे सुरेंद्रनाथ सिंह ने कहा था कि गरीबों के साथ अन्याय हुआ तो सड़कों पर खून बहेगा और वह खून मुख्यमंत्री कमलनाथ का होगा. इस बयान के बाद भाजपा ने इससे किनारा कर लिया है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें