शुक्रवार, 18 अगस्त 2023

शिवराज सरकार का रिपोर्ट कार्ड पेश करेंगे अमित शाह

20 अगस्त को आएंगे प्रदेश, कार्यसमिति की बैठक में होंगे शामिल


भोपाल। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह 20 अगस्त को फिर मध्यप्रदेश आ रहे हैं। वे शिवराज सरकार का रिपोर्ट कार्ड जारी करेंगे। इसके अलावा चुनाव के पहले होने जा रही भाजपा की कार्यसमिति की बैठक को भी शाह संबोधित करेंगे। 

मध्यप्रदेश में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव की कमान पूरी तरह से केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संभाली हुई है। वे एक बार फिर प्रदेश का दौरा करने जा रहे हैं। 20 अगस्त को होने वाले उनके इस दौरे के दौरान वे प्रदेश की शिवराज सरकार को रिपोर्ट कार्ड पेश करेंगे। इतना ही नहीं, चुनाव से ठीक पहले ग्वालियर में होने वाली भाजपा की आखिरी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में भी अमित शाह भाग लेंगे। अमित शाह 20 अगस्त को कार्यसमिति की बैठक में ग्वालियर-चम्बल के साथ-साथ मध्य प्रदेश के दिग्गज नेता से लेकर विधायक और पदाधिकारी बैठक में मौजूद रहेंगे। इन बातों की जानकारी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने दी है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 20 अगस्त को मध्य प्रदेश आ रहे हैं, जो प्रदेश के पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए सौभाग्य का अवसर है। अमित शाह 20 अगस्त को गरीब कल्याण महाअभियान के तहत प्रदेश सरकार के 20 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों और गरीब कल्याण की योजनाओं के बारे में रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करेंगे। इसके साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री ग्वालियर में आयोजित वृहद प्रदेश कार्यसमिति बैठक में भाग लेंगे।

युद्ध स्तर पर चल रही हमारी तैयारी

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि 20 तारीख को फिर से हमारे नेता केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भोपाल आ रहे हैं। वह सबका रिपोर्ट कार्ड जारी करेंगे। हमने जो काम किया है उनके बारे में बताएंगे। प्रत्याशियों की घोशणा को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि युद्ध स्तर पर हमारी तैयारियां चल रही है। कांग्रेस कह रही थी, 1 साल पहले उम्मीदवार घोषित करेंगे, 6 महीने पहले उम्मीदवार घोषित करेंगे, लेकिन भाजपा  ने तो अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए। हमारे सेनापति अब मैदान में है। 

नेताओं की नाराजगी को दूर करने की बनेगी रणनीति

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कार्यसमिति की बैठक में भाग लेने के बाद प्रभारी से लेकर जिलाध्यक्षों और प्रकोष्ठों के अध्यक्षों की बैठक ले सकते हैं। ग्वालियर चंबल में लगातार हो रही टूट और मजबूती के लिए बैठक बुलाई गई है। ग्वालियर में कार्यकर्ताओं के बीच सामंजस्य नेताओं की नाराजगी दूर करने और चुनावी रूपरेखा पर पर बातचीत होगी। 1200 से भी ज्यादा इस बैठक में पदाधिकारी शामिल होंगे। मालवा अंचल और मध्य भारत के बाद भाजपा ग्वालियर-चंबल अंचल पर फोकस कर रही है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का यह क्षेत्र गढ़ माना जाता है।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें