मंगलवार, 29 अगस्त 2023

हनुमान के नाम पर मचा घमासान, कांग्रेस ने किया हनुमान चालीसा का पाठ

मुख्यमंत्री के बयान का विरोध, सुंदरकांड का पाठ कर किया सद्बुद्धि के लिए यज्ञ


भोपाल। विधानसभा चुनाव के पहले मध्यप्रदेश में भी हनुमानजी की एंटी हो गई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के एक बयान के बाद अब कांग्रेस नेता भाजपा पर हमलावर हो गए हैं। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय सहित कई स्थानों पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का पाठ किया। 

प्रदेश में विधानसभा चुनाव के पहले हनुमानजी को लेकर कांग्रेस भाजपा पर हमलावर हो गई है।  कांग्रेस द्वारा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सद्बुद्धि के लिए प्रदेश भर में जगह जगह यज्ञ, सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ किया जा रहा है। दरअसल मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हाल ही में बयान दिया कि छिंदवाड़ा के सिमरिया में सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर में 101 फीट की मूर्ति कमलनाथ ने नहीं बनाई है। वहां पर पहले से मूर्ति थी। इसके बाद से मध्य प्रदेश कांग्रेस मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर भड़क गई है। कांग्रेस मुख्यमंत्री पर झूठ बोलने का आरोप लगाया है। साथ ही आगामी चुनाव में कुर्सी जाने के चलते कुछ भी बोलने का आरोप लगाया है। साथ ही कांग्रेस ने मंगलवार को राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के अन्य शहरों में मुख्यमंत्री की सद्बुद्धि के लिए यज्ञ, सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ किया। राजधानी भोपाल में कांग्रेस मुख्यालय में सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। 

कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने छिंदवाड़ा में भगवान हनुमानजी की 101 फीट ऊंची विशाल प्रतिमा का निर्माण कराया था। इस अवसर पर जगतगुरु शंकराचार्य सहित देश के सभी प्रतिष्ठित साधु संत उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष  अपने मुंह से मंदिर निर्माण की बातें नहीं करते,  क्योंकि कोई सच्चा भक्त कभी इस तरह की बातें नहीं करता। यह भगवान का आशीर्वाद है। 

क्या कहा था मुख्यमंत्री ने

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा था कि छिंदवाड़ा में हनुमान जी की मूर्ति का निर्माण कमलनाथ ने नहीं कराया। हनुमान जी की मूर्ति वहां कई वर्ष पहले से है, यदि कमलनाथ कह दें कि लाल किला और कुतुबमीनार भी मैंने बनाया तो मैं क्या कह सकता हूं।

भाजपा ने किया पलटवार

भाजपा प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने सौंसर के जामसांवली हनुमान मंदिर के बारे में कहा है कि वहां मूर्ति वर्षों से स्थापित है और वहां पर भाजपा सरकार 314 करोड़ की लागत से भव्य, आलौकिक हनुमान लोक बनाने जा रही है। जिसका काम भी शुरू हो चुका है। वैसे भी जिस दिन से हनुमान लोक बनाने का निर्णय हुआ है। कमलाथ जी और कांग्रेस के पेट में दर्द हो रहा है और वे बैचेन है। सलूजा ने कहा कि शिवराज सरकार ने महाकाल लोक बनाया है। एकात्म धाम लोक, देवी लोक, अहिल्या लोक, राम राजा लोक, वनवासी लोक, हनुमान लोक, माई पीतांबरा लोक भी बनवा रही है। यह सारे काम शिवराज सरकार प्रदेश की जनता के लिए करवा रही है। राजनीतिक फायदे के लिए इसका रोज प्रचार नहीं करते है।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें