गुरुवार, 31 अगस्त 2023

परीक्षा में पास हुए तो ही लगेगी चुनाव में ड्यूटी

रिटर्निंग, सहायक रिटर्निंग अधिकारी बनाए जाने के पहले आयोग लेगा परीक्षा

भोपाल। विधानसभा चुनाव में रिटर्निंग और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों की भूमिका में रहने वाले अधिकारियों की चुनाव आयोग परीक्षा लेगा। इस परीक्षा में पास होने वाले अधिकारियों की ही चुनाव में ड्यूटी लगाई जाएगी। यह परीक्षा सितंबर माह में 15 तारीख के बाद ली जाएगी। 

प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटा चुनाव आयोग इस बार रिटर्निंग और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों की चुनाव ड्यूटी लगाने के पहले परीक्षा लेगा। इस परीक्षा में जो उत्तीर्ण होंगे उन्हीं की चुनाव कार्य में ड्यूटी लगाई जाएगी। बताया जाता है कि इन पदों पर एसडीएम और तहसीलदार स्तर के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाती है। आयोग ने सब डिवीजन में एसडीएम की भूमिका निभा रहे, सभी राज्य प्रशासनिक सेवा के अफसरों और तहसीलों में पदस्थ तहसीलदारों की परीक्षा लेने का फैसला किया है। चुनाव के दौरान यह अधिकारी विधानसभा स्तर पर रिटर्निग अफसर और सहायक रिटर्निग अफसर की भूमिका में रहेंगे, इसलिए आयोग द्वारा ली जाने वाली परीक्षा में चुनाव से संबंधित सवाल किए जाएंगे। आयोग के निर्देश के बाद मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार अधिकारियों से मतदान केंद्रों के गठन से लेकर मतदान प्रक्रिया और मतदाता सूची के लिए आवेदन मांगने से लेकर सूची के प्रकाशन तक की स्थिति के बारे में सवाल किए जाएंगे। इसके अलावा मतदाता जागरुकता कार्यक्रम, कानून व्यवस्था, चुनाव आयोग के निर्देशों की जानकारी तथा अन्य चुनावी व्यवस्थाओं के बारे में सवाल किए जाएंगे जिसके वैकल्पिक जवाब अफसरों को देने होंगे।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें