मोदी के मन की बात पर आधारित पुस्तकों का किया विमोचन
भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि संपूर्ण विश्व इस बात पर एकमत है कि “यह भारत का दौर है। समस्या कोई भी हो, सारा विश्व समाधान के लिए भारत की ओर देखने लगा है।“ यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नेतृत्व क्षमता से संभव हुआ है। पिछले 9 वर्षों के छोटे से अंतराल में भारत कुछ नहीं कर सकता से भारत ही कर सकता है की भावना सम्पूर्ण विश्व में व्याप्त हुई है। यह भारत का सौभाग्य है कि हमें प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व और मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रधानमंत्री मोदी की मन की बात पर आधारित सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास पुस्तक के भाग 2 और भाग 3 के विमोचन अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। केन्द्रीय सूचना-प्रसारण, युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री श्री अनुराग ठाकुर भी कार्यक्रम में उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने 9 साल सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के विषय पर केन्द्रित मल्टीमीडिया चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सवा सौ करोड़ भारतवासियों के साथ सीधा संवाद स्थापित करने का क्रांतिकारी नवाचार मन की बात आज देश के जन-जन की बात बन चुकी है। प्रधानमंत्री मोदी अपनी सोच, अपने विचार और विजन को बहुत सहजता से समझा देते हैं। किसान हो या इंजीनियर, वैज्ञानिक हो या लेखक, छात्र हो या शिक्षक, आमजन हो या राजनेता, श्रोताओं का कोई भी समूह उनके साथ ऐसे जुड़ जाता है, मानो वे उन्हीं में से एक हैं। प्रधानमंत्री मोदी मन की बात से लोगों की चिंताओं और आकांक्षाओं से सीधे जुड़ते हैं।
तेजी से बढ़ने वाले राज्यों में शामिल हुआ मध्यप्रदेश
केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सबसे तेजी से बढ़ने वाले राज्यों में शामिल हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी के भाषणों के संग्रह के दोनों खंड शोधार्थियों, विद्यार्थियों के लिए बहुत उपयोगी हैं, इनसे सभी को कुछ न कुछ सीखने को मिलेगा। प्रधानमंत्री ने देश की धारा को विकासवाद की ओर मोड़ा है। समतामूलक समाज का निर्माण, राष्ट्रीय शिक्षा नीति में मातृभाषा पर बल, चंद्रयान की सफलता, 18 करोड़ 50 लाख लोगों का गरीबी रेखा से बाहर निकलना, प्रधानमंत्री श्री मोदी की नीतियों का ही परिणाम है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें