सोमवार, 14 अगस्त 2023

चोरी और सीनाजोरी मूल मंत्र बना सरकार का

भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि चोरी और सीनाजोरी प्रदेश की सरकार का मूल मंत्र बन गया है। 50 प्रतिशत कमीशन के इस राज की विदाई के साथ घोटाला राज का अंत होगा।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने टवीट कर कहा कि चोरी और सीनाजोरी कमीशन राज सरकार का मूल मंत्र बन गया है। मुख्यमंत्री रोज पूरे प्रदेश में घूमकर विकास पर भाषण देते हैं और प्रदेश का नौजवान अपने भविष्य के विनाश पर आंसू बहाता है। प्रदेश में एक करोड़ से अधिक बेरोजगार नौजवान हैं, लेकिन इन्हें रोजगार की जगह नर्सिंग घोटाला, व्यापम घोटाला, पुलिस भर्ती घोटाला, पटवारी भर्ती घोटाला और आयुष्मान कार्ड घोटाला मिलता है। उन्होंने कहा कि 50 प्रतिशत कमीशन के इस राज से विदाई के साथ ही इस घोटाला-राज का अंत होगा, तभी प्रदेश का नौजवान निशंक होगा। 

युवा कांग्रेस ने लगाए पोस्टर

प्रदेश में 50 प्रतिशत कमीशन को लेकर राजनीति गरमाई हुई है। आज सोमवार को मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने झाबुआ कलेक्ट्रेट के बाहर कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर सरकार को टारगेट करते हुए पचास प्रतिशत कमीशनखोरी का पोस्टर लगाया है। इस दौरान कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। युवा कांग्रेस ने ट्वीट करते हुए लिखा कि, कलेक्टर कार्यालय पहुँचकर शिवराज सरकार के 50 प्रतिशत भ्रष्टाचार को उजागर किया और पोस्टर लगाए। शिवराज का मिशन, 50 प्रतिशत कमीशन।

अस्तित्व बचाने गंदी राजनीति कर रही कांग्रेस

केन्द्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने सोमवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए यह कहा कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वे अपना अस्तित्व बचाने के लिए गंदी राजनीति कर रहे हैं।” मध्य प्रदेश सरकार को बदनाम करने के लिए झूठे कागजात बनाना, झूठे हस्ताक्षर करना और फिर उसे वायरल करना आपराधिक प्रवृत्ति का संकेत है। जब उन लोगों (कांग्रेसियों) द्वारा ऐसा किया जा रहा है तो इसकी शिकायत उचित जगह पर की गई।  यही कारण है कि प्रियंका गांधी के ट्वीट पर कई जगहों पर एफआईआर दर्ज की गई हैं,। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें