मंगलवार, 29 अगस्त 2023

घोषणा तो कर दी, लेकिन मिल नहीं रहा सिलेंडर


भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की 450 रुपए में सिलेंडर की घोषणा पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने ट्वीट कर भाजपा पर राजनीतिक हमला बोला है। कमलनाथ ने कहा कि, मुख्यमंत्री ने 450 रुपए में गैस सिलेंडर देने की घोषणा तो कर दी लेकिन मिल नहीं रहा।

कमलनाथ ने ट्वीट कर लिखा है कि मुख्यमंत्री शिवराज ने महिलाओं को 450 रूपए में गैस सिलेंडर देने की घोषणा तो कर दी लेकिन कहीं भी 450 रूपए में गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा है, रक्षाबंधन के त्यौहार पर शिवराज का लाड़ली बहनों से यह छल निंदनीय है। शिवराज जी, सत्ता सेवा के लिये होती है, आपके क्रियाकलापों से लग रहा है कि आप अपनी मेवे की थाली बचाने के लिये हाथ पैर पटक रहे हैं। “धैर्य, मर्यादा और गरिमा बनाये रखिए”।

बता दें कि प्रदेश में इस साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को राज्य की महिलाओं को कई गिफ्ट दिए। ’मामा’ ने इस सावन के महीने में घरेलू गैस 450 रुपए में देने का ऐलान किया है। साथ ही ’मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना’ की राशि 1 हजार रुपए से बढ़ाकर 1,250 रुपए प्रतिमाह करने की घोषणा की है, लेकिन अब इस पर सियासत शुरू हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट कर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर हमला बोला है। 


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें