शनिवार, 19 अगस्त 2023

अमित शाह आज जारी करेंगे शिवराज सरकार का रिपोर्ट कार्ड

भोपाल। प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के पूर्व अमित शाह लगातार प्रदेश के प्रवास कर रहे हैं। कल रविवार को फिर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मध्यप्रदेश आ रहे है। अमित शाह कल अपने एक दिवसीय मध्यप्रदेश प्रवास के दौरान राज्य सरकार का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करने के साथ भारतीय जनता पार्टी की ग्वालियर में होने वाली प्रदेश कार्यसमिति बैठक में शामिल होंगे।

जानकारी के अनुसार शाह पहले राजधानी भोपाल आएंगे। यहां वे सरकार के कामकाज का लेखाजोखा प्रस्तुत करेंगे। इसके बाद वे ग्वालियर पहुंच कर पार्टी की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति बैठक में उपस्थित रहेंगे। इन सभी कार्यक्रमों के संबंध में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी की सरकार ने विकास और गरीबों का जीवन बदलने का काम किया है। 

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री शिवराज चौहान के नेतृत्व वाली भाजपा की सरकार के 20 वर्षों में जो काम हुए हैं, उन कामों पर केन्द्रित गरीब कल्याण रिपोर्ट कार्ड को शाह भोपाल में जनता के समक्ष प्रस्तुत करेंगे। इसके साथ ही शाह विकास और गरीब कल्याण को लेकर प्रत्येक विधानसभा में पहुंचने वाले प्रचार रथ को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके बाद वे ग्वालियर पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि कल ग्वालियर के अटल सभागार में वृहद कार्यसमिति की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें केन्द्रीय गृहमंत्री शाह प्रदेश के सभी कार्यकर्ताओं को विधानसभा चुनाव 2023 की दृष्टि से मार्गदर्शन देंगे।

प्रत्याशियों को दिया जाएगा प्रशिक्षण

भाजपा इस बार विधानसभा चुनाव में कई तरह के प्रयोग भी कर रही है। बताया जा रहा है कि भाजपा द्वारा घोशित किए गए 39 प्रत्याशियों को पार्टी प्रशिक्षण देगी। इसके लिए केन्द्रीय मंत्री अमित ष्शाह के निर्देश पर प्रत्याशियों को 21 अगस्त को भोपाल बुलाया जा रहा है। यहां पर उन्हें प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद इन प्रत्याशियों अपने क्षेत्र में लौटने से लेकर मतदान और चुनाव परिणाम आने तक का पूरा कैलेंडर बनाकर दिया जाएगा। पार्टी ने इसके लिए ट्रेनर्स भी बुलाए हैं। खास बात यह है कि भाजपा सभी हारी हुई सीट पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। इन सीट को भाजपा आकांक्षी विधानसभा मानती है। जिस पर अमित शाह का सबसे ज्यादा फोकस है। 


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें